Saturday, May 2, 2026

बछवाड़ा-बरौनी रेलखंड पर तीसरी लाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है।

Share

बछवाड़ा-बरौनी रेलखंड पर तीसरी लाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसके चालू होने से रेल यातायात सुगम होगा, यात्री व मालगाड़ियों की देरी कम होगी और समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित होगा। आधुनिक तकनीक से निर्मित यह परियोजना क्षेत्रीय व्यापार व अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगी, बेहतर कनेक्टिविटी और नए अवसर प्रदान करेगी

बेगूसराय। बछवाड़ा-बरौनी रेलखंड पर रेल यात्रियों को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने वाली है। इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर तीसरी लाइन बिछाने का कार्य लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार तकनीकी जांच और आवश्यक औपचारिकताओं के पूरा होते ही इस मार्ग पर तीसरी ट्रैक से रेलगाड़ियों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके चालू होने से बछवाड़ा जंक्शन से बरौनी जंक्शन के बीच रेल यातायात और अधिक सुगम और तेज हो जाएगा।

बछवाड़ा-बरौनी रेलखंड उत्तर बिहार का एक प्रमुख और व्यस्ततम रेल मार्ग माना जाता है। इस मार्ग से प्रतिदिन कई यात्री ट्रेनें और मालगाड़ियां गुजरती हैं।

वर्तमान में दो ट्रैक होने के कारण अक्सर ट्रेनों को सिग्नल पर रुकना पड़ता है, जिससे परिचालन प्रभावित होने के साथ-साथ यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ता है। तीसरी लाइन के चालू होने से ट्रेनों का दबाव कम होगा और समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

मालगाड़ियों के संचालन में आएगी तेजी

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, तीसरी ट्रैक के निर्माण से विशेष रूप से मालगाड़ियों के संचालन में तेजी आएगी। इससे कोयला, सीमेंट, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई सुचारू रूप से हो सकेगी। साथ ही यात्री ट्रेनों को भी निर्धारित समय पर चलाने में मदद मिलेगी।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इससे क्षेत्रीय व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा। तीसरी लाइन परियोजना के तहत पुल-पुलिया, ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन, सिग्नल प्रणाली और ट्रैक बिछाने का कार्य तेजी से पूरा किया गया है। रेलवे ने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया है।

अंतिम चरण में ट्रायल रन और सुरक्षा निरीक्षण की प्रक्रिया की जाएगी। निरीक्षण के सफल होते ही नियमित परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। स्थानीय यात्रियों और जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए अहम बताया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तीसरी ट्रैक से न सिर्फ यात्रा सुगम होगी, बल्कि रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी पैदा होंगे। बछवाड़ा और बरौनी जैसे प्रमुख जंक्शन पर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

बछवाड़ा जंक्शन से बरौनी जंक्शन के बीच तीसरी ट्रैक का चालू होना रेलवे और यात्रियों दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। इससे भविष्य में बढ़ते यात्री और माल परिवहन की जरूरतों को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा।

Read more

Local News