पटना : बिहार अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुका है. PM MODI लगातार बिहार दौरे पर आ रहे हैं. इस बार वे 18 जुलाई को मोतिहारी की धरती से मिथिला और कोसी इलाके के लोगों को कई बड़ी सौगातें देने वाले हैं.
- बिहार को मिल चुकी है 80000 करोड़ की योजनाएं : प्रधानमंत्री की नजर बिहार पर है और केंद्र सरकार लगातार राज्य के विकास के लिए घोषणाएं कर रही है. पीएम मोदी अब तक 52 बार बिहार का दौरा कर चुके हैं. इस साल यह उनका पांचवां दौरा होगा. अब तक बिहार को कुल 80000 करोड़ रुपये की योजनाएं मिल चुकी हैं.
- नई योजनाओं का होगा ऐलान : पीएम मोदी मोतिहारी दौरे पर 7217 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं. इनमें रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और सड़क परियोजनाएं शामिल हैं.
- रेलवे में निवेश, तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें : बिहार को तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिलने जा रही हैं. ये ट्रेनें बिहार के विकास को नई रफ्तार देंगी. पटना से नई दिल्ली, मालदा से लखनऊ गोमती नगर और दरभंगा से लखनऊ तक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की जाएगी.
- 5398 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं : रेलवे सेक्टर में बिहार को कुल 5398 करोड़ रुपये की योजनाएं मिलेंगी. इसमें रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण सहित कई बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. दरभंगा से समस्तीपुर और रामबहादुरपुर के बीच डबल रेल लाइन परियोजना भी शुरू होगी.
- सड़क परियोजनाओं में 1173 करोड़ की सौगात : सड़क और परिवहन सेक्टर में प्रधानमंत्री 1173 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा करेंगे. एनएच-319 पर असनी से बंपाली तक चार लेन आरा बाईपास की आधारशिला रखी जाएगी. पररिया से मोहनिया तक 828 करोड़ की लागत से बनी चार लेन सड़क का उद्घाटन भी होगा. सरवन से चकाई तक दो लेन सड़क का भी उद्घाटन किया जाएगा.
- 12000 लाभार्थियों को मिलेंगे घर : प्रधानमंत्री मोदी 12000 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घरों की चाबी सौंपेंगे. 40000 लाभार्थियों के खाते में 162 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे.
- डिजिटल और महिला सशक्तिकरण योजना : प्रधानमंत्री 63 करोड़ रुपये की इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी योजनाओं की भी घोषणा करेंगे. इसके अलावा 61500 स्वयं सहायता समूहों को 400 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.
”प्रधानमंत्री मोदी बिहार की चिंता कर रहे हैं और मानते हैं कि बिहार के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है.”– प्रेम रंजन पटेल, बीजेपी प्रवक्ता
परियोजनाओं का बिहार के इस क्षेत्र का होगा विकास : अर्थशास्त्री डॉ. अविरल पांडे ने कहा कि ”कोसी और मिथिलांचल क्षेत्र बाढ़ और सुखाड़ से प्रभावित रहता है. अगर वहां बेहतर आवागमन की व्यवस्था हो जाए तो पटना और दिल्ली से सीधा संपर्क संभव होगा. इससे व्यापार, वाणिज्य और शिक्षा में भारी विकास होगा.”


