पटना | 20 नवंबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को बिहार दौरे से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। मुलाकात को कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
करीब 15 मिनट तक चली मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार के बीच लगभग 15 मिनट तक बातचीत हुई। नीतीश कुमार ने आवास के दरवाजे पर पहुंचकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल और उसके उद्घाटन समारोह से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। नीतीश कुमार को भी कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिए जाने की बात सामने आई है।
सीएम ने सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। प्रधानमंत्री मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करेंगे।
कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री के पहले पटना पहुंचने का कार्यक्रम है। पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार और अन्य नेताओं व अधिकारियों की मौजूदगी में उनका स्वागत किए जाने की तैयारी है।
वैशाली में कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर वैशाली जिले में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक रूट चार्ट भी जारी किया है।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम और प्रशासनिक इंतजामों की जानकारी दी थी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
क्या है कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल की खासियत?
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल को ‘नीतीश सेतु’ के नाम से भी जाना जाता है। इसकी कुल लंबाई लगभग 19.76 किलोमीटर बताई गई है। इसमें करीब 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और लगभग 10 किलोमीटर का एप्रोच रोड शामिल है।
करीब 32 मीटर चौड़ा यह छह लेन का पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के कल्याणपुर चकसिकंदर से जोड़ेगा। इसके चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने तथा यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है।
