Saturday, May 2, 2026

पनियहवा-तमकुही नई रेल लाइन परियोजना के तहत प्रभावित होने वाले भूखंडों का बुधवार को जिला स्तर से गठित चार सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

Share

पिपरासी, पश्चिम चंपारण में पनियहवा-तमकुही नई रेल लाइन परियोजना के लिए भूमि का निरीक्षण किया गया। अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिंह के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने प्रभावित किसानों की भूमि का मूल्यांकन किया और पिपरासी अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण भी किया। टीम भूमि का दर निर्धारण कर प्रस्ताव रेलवे विभाग को भेजेगी। जरार जटहा में नया रेलवे स्टेशन प्रस्तावित है

पिपरासी। पनियहवा-तमकुही नई रेल लाइन परियोजना के तहत प्रभावित होने वाले भूखंडों का बुधवार को जिला स्तर से गठित चार सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अंचल कार्यालय पिपरासी का भी औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में अंचल नाजिर राजीव कुमार श्रीवास्तव से कैश बुक की जानकारी ली गई, जो दुरुस्त पाई गई। साथ ही आरटीपीएस सहित विभिन्न पंजीयों का भी अवलोकन किया गया। अपर समाहर्ता द्वारा कार्यालय के कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अंचलाधिकारी शशिकांत यादव ने बताया कि अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिंह की अध्यक्षता में गठित इस चार सदस्यीय टीम ने पनियहवा-तमकुही नई रेल लाइन परियोजना के जद में आने वाले किसानों के भूखंडों का स्थल निरीक्षण किया। टीम में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विनोद मिश्रा, जिला निबंधन पदाधिकारी तथा बगहा के डीसीएलआर शामिल थे।

टीम द्वारा रेलवे लाइन की जद में आने वाली किसानों की भूमि का मूल्यांकन किया जाएगा। भूमि का रेट निर्धारण करने के बाद प्रस्ताव रेलवे विभाग को भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और दर्जनों किसानों को जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारा भुगतान किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान डुमरी मौजा, सौरहा और पिपरासी क्षेत्र का जायजा लिया गया।

उन्होंने बताया गया कि पिपरासी के सीमावर्ती क्षेत्र जरार जटहा में रेलवे स्टेशन का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके कारण भूमि की चौड़ाई में वृद्धि होगी। इसे लेकर अंचलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।

मौके पर अंचल अमीन मनोज यादव, राजस्व कर्मी अमित कुमार, विट्टू कुमार, रंजन कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

Read more

Local News