Friday, October 30, 2026

पटना के कई रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, बासी और एक्सपायर्ड सामान जब्त.

Share

पटना और मुजफ्फरपुर में चलाए गए जांच अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव में खामियां मिलीं। कुछ जगहों पर किचन बंद रखने का निर्देश दिया गया, जबकि कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए।

पटना | 30 अक्टूबर 2026

बिहार में ग्राहकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना और मुजफ्फरपुर में रेस्टोरेंट, होटल और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई जगहों पर किचन की सफाई में लापरवाही, बासी और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री तथा भंडारण के नियमों का उल्लंघन सामने आया।

विभागीय टीम ने संदिग्ध और खराब खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई। कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। गंभीर खामियां मिलने पर कुछ रेस्टोरेंट के किचन अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्देश भी दिया गया।

बिरयानी महल में 17.5 किलो खाद्य सामग्री जब्त

पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित बिरयानी महल में जांच के दौरान 13 किलो हाफ बॉयल्ड चिकन, 3 किलो वेज आइटम और डेढ़ किलो उबला मटन मिला। टीम ने करीब 3,150 रुपये मूल्य की इन सामग्रियों को जब्त कर नष्ट कराया।

एसके पुरी स्थित बिरयानी बूल्ज में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। यहां कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। टीम ने कच्चे बासमती चावल का नमूना लिया।

वहीं, एसके पुरी के बोरिंग रोड स्थित बिरयानी महल में भी वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र और कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। यहां से चिकन मसाला और कच्चे मटन के नमूने जांच के लिए भेजे गए।

दो रेस्टोरेंट के किचन बंद रखने का निर्देश

फ्रेजर रोड स्थित द बिरयानी मॉल में जांच के दौरान एक्सपायर्ड दूध, अमूल चीज और डेयरी क्रीम समेत अन्य खाद्य सामग्री मिली। टीम ने करीब 2,000 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर नष्ट कराई। यहां से कच्चे चिकन के दो नमूने भी लिए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमी पाए जाने पर तीन दिनों तक किचन बंद रखने का निर्देश दिया गया।

बोरिंग कैनाल रोड स्थित कोलकाता बिरयानी महल में भी किचन की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। टीम ने कच्चे चिकन और मिर्च पाउडर के नमूने लिए। गंदगी और अस्वच्छ व्यवस्था को देखते हुए दो दिनों तक किचन बंद रखने का निर्देश दिया गया।

अनमोल होटल से 36,650 रुपये की सामग्री जब्त

बुद्ध मार्ग स्थित जीपीओ के पास मेसर्स अनमोल होटल में भी खाद्य सुरक्षा विभाग को कई कमियां मिलीं। यहां साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं थी और खाद्य सामग्री के रखरखाव में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।

टीम ने पनीर, रोस्टेड चिकन, ग्रेवी, मंचूरियन मसाला, व्हाइट ग्रेवी मिक्स, कच्चा चिकन, पनीर फ्राई, मशरूम और कटी हुई सब्जियों समेत कई खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट कराए। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, जब्त सामग्री की कीमत 36,650 रुपये थी।

यहां से पनीर और चिकन के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। खाद्य सामग्री के भंडारण में एफआइएफओ नियम का पालन नहीं किए जाने पर प्रतिष्ठान को सात दिनों के भीतर कमियां दूर करने का नोटिस दिया गया।

मटन महल और टेस्टी ट्रीट में भी मिली अनियमितता

बेली रोड पर बिहार म्यूजियम के सामने स्थित मटन महल से सरसों तेल का नमूना जांच के लिए लिया गया। प्रतिष्ठान को खाद्य लाइसेंस बनवाने के साथ सात दिनों के भीतर कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

वेस्ट बोरिंग कैनाल रोड स्थित टेस्टी ट्रीट रेस्टोरेंट एंड कैफे में सड़ी-गली खाद्य सामग्री मिली। टीम ने 2 किलो चिकन, 1 किलो पीली दाल, 1 किलो पकी मछली और 3 किलो ग्रेवी जब्त कर नष्ट कराई। इनकी कीमत करीब 1,000 रुपये बताई गई।

बिग बास्केट में भी भंडारण व्यवस्था पर सवाल

आशियाना नगर स्थित बिग बास्केट (इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड) में खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। जांच के दौरान एफईएफओ और एफआइएफओ नियमों के पालन में भी कमी सामने आई।

प्रतिष्ठान की ओर से कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस और एफओएसटीएसी प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए गए। टीम ने सरसों तेल, पिस्ता-बादाम, चीनी और मिक्स दाल के नमूने जांच के लिए लिए।

मुजफ्फरपुर की एआर बेकरी पर भी कार्रवाई

खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने मुजफ्फरपुर के शर्फुद्दीनपुर चौक स्थित एआर बेकरी में भी जांच की। यहां बिकाजी भुजिया, थम्स अप, स्प्राइट और माजा समेत खाद्य एवं पेय पदार्थों से जुड़ी अनियमितताएं मिलीं।

विभागीय टीम ने संबंधित सामग्री जब्त कर नष्ट कराई। रिपोर्ट के अनुसार, जब्त सामग्री की कीमत करीब 2,100 रुपये थी।

खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

जांच अभियान में सामने आई खामियों के आधार पर विभाग ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों को नोटिस और निर्देश जारी किए हैं। जिन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं, उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

इस अभियान का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है, ताकि ग्राहकों को खराब या असुरक्षित भोजन परोसे जाने की आशंका कम की जा सके।

BHARATSUPERFASTNEWS

Table of contents [hide]

Read more

Local News