नाइट राइडर्स ग्रुप ने अमेरिका में अपना नया इंटरनेशनल स्टेडियम का उद्घाटन कर दिया. इसके साथ ही, नाइट राइडर्स विदेश में अपना इंटरनेशनल-स्टैंडर्ड क्रिकेट स्टेडियम बनाने वाली पहली ग्लोबल फ्रेंचाइजी बन गई है.
- लॉस एंजिलिस में बने नए नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड का ऐतिहासिक उद्घाटन बुधवार (1 जुलाई) को लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स और वॉशिंगटन फ्रीडम के बीच मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के पहले मैच की मेजबानी के साथ हुआ.
- इस मैच को वाशिंगटन फ्रीडम ने छह विकेट से जीत कर मेजबान टीम के घरेलू मैदान पर पदार्पण का मजा किरकिरा कर दिया. शाहरुख खान की टीम लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स 17.5 ओवर में 108 रनों पर ऑलआउट हो गई. जबकि वॉशिंगटन फ्रीडम 17.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
- अंतरराष्ट्रीय स्तर के हिसाब से बने इस स्टेडियम में मुख्य स्क्वायर पर आठ विकेट हैं. इसका आकार आईसीसी के नियमों के अनुसार है और यहां 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टॉवर हैं.
- खास बात ये है कि ये नया स्टेडियम लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक की क्रिकेट प्रतियोगिता की भी मेजबानी करेगा. इस खास मौके का जश्न मनाते हुए, बॉलीवुड सुपरस्टार और नाइट राइडर्स के को-ओनर शाहरुख खान ने ICC का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनके लंबे समय से देखे जा रहे सपने को सच करने में मदद की. इसके अलावा खान ने इस बड़े प्रोजेक्ट को मुमकिन बनाने में मिले सहयोग को खास तौर पर माना और ICC के चेयरमैन जय शाह का आभार जताया.
नाइट राइडर्स समूह के सह मालिक शाहरुख खान ने स्टेडियम के उद्घाटन को एक यादगार पल बताया. उन्होंने एक बयान में कहा, ‘जो एक सपना था वह आज हकीकत बन गया है. दुनिया के दूसरे सबसे अधिक देखे जाने वाले खेल क्रिकेट को लॉस एंजिलिस में लाना हम सभी के लिए एक यादगार पल है.’ उन्होंने ये भी कहा, ‘यह जगह सिर्फ खेल के लिए ही नहीं बल्कि मनोरंजन, परिवारों और हमेशा याद रहने वाली यादों के लिए भी बनाई गई है.’



