Wednesday, June 10, 2026

धनबाद में दो बीएलओ अपने मतदान केंद्र पर अनुपस्थित पाई गई.

Share

धनबादः जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशों का पालन नहीं करने और निर्धारित समय पर मतदान केंद्र में उपस्थित नहीं रहने के मामले में दो बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से स्पष्टीकरण मांगा गया.

मतदान केंद्र पर अनुपस्थित थीं बीएलओ

निर्वाचन कार्य के तहत सभी बीएलओ को हर दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाता सुविधा एवं मैपिंग कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद झरिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-199 की बीएलओ (आंगनबाड़ी सेविका) खुशबू कुमारी तथा बूथ संख्या-200 की बीएलओ (सहिया) भारती देवी निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र पर अनुपस्थित पाई गईं.

बीएलओ की अनुपस्थिति लापरवाही को दर्शाती है

जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि हेल्प डेस्क मैनेजर, धनबाद द्वारा फोन पर संपर्क किए जाने पर दोनों बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद नहीं थीं. उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य के दौरान इस प्रकार की अनुपस्थिति, लापरवाही, उदासीनता और प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना को दर्शाती है.

उन्होंने बताया कि 2 जून 2026 को जारी निर्देश के अनुसार सभी बीएलओ को प्रतिदिन निर्धारित समय में मतदान केंद्र पर रहकर मैपिंग कार्य सुनिश्चित करने के लिए कहा गया था, लेकिन संबंधित बीएलओ द्वारा इसका पालन नहीं किया गया.

मासिक मानदेय पर रोक

दोनों बीएलओ को 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही यह भी पूछा गया है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें मूल दायित्वों से कार्यमुक्त क्यों नहीं किया जाए. इसके अतिरिक्त उनकी इस लापरवाही को देखते हुए उनका मासिक मानदेय अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है.

Read more

Local News