Monday, September 28, 2026

धनबाद में जापानी इंसेफ्लाइटिस से मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, रांची से जाएगी टीम.

Share

रांची: धनबाद जिले में जापानी इंसेफ्लाइटिस (JE) के दो मामलों की पुष्टि और एक बच्चे की मौत के बाद झारखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सोमवार को रांची से वेक्टर बॉर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम की टीम धनबाद भेजी जाएगी। टीम प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेगी और बीमारी की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाएगी।

प्रभावित इलाकों में मच्छर और लार्वा नियंत्रण के निर्देश

राज्य वेक्टर बॉर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम के स्टेट नोडल पदाधिकारी डॉ. रंजीत प्रसाद ने बताया कि धनबाद में JE से एक बच्चे की मौत और दूसरे बच्चे में संक्रमण की पुष्टि की जानकारी मिली है। इसके बाद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि रांची से जाने वाली टीम उन इलाकों का निरीक्षण करेगी, जहां से संक्रमण के मामले सामने आए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में मच्छर और लार्वा नियंत्रण के लिए दवाओं के छिड़काव के निर्देश भी दिए गए हैं।

दूसरे संक्रमित बच्चे की हालत में सुधार

जापानी इंसेफ्लाइटिस से संक्रमित दूसरे बच्चे का इलाज शहीद निर्मल महतो स्मारक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बच्चे की स्थिति में सुधार के संकेत मिले हैं।

स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहा है। वेक्टर बॉर्न डिजीज कंट्रोल (VBD), इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) और धनबाद के सिविल सर्जन को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है JE

IDSP रांची के डॉ. प्रवीण कर्ण के अनुसार, जापानी इंसेफ्लाइटिस को आम बोलचाल में मस्तिष्क ज्वर भी कहा जाता है। यह क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलने वाला विषाणुजनित रोग है। संक्रमण गंभीर होने पर मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाएं प्रभावित हो सकती हैं।

इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी, दौरे, अत्यधिक सुस्ती, भ्रम और व्यवहार में बदलाव शामिल हो सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से बुखार जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और आवश्यकता होने पर योग्य चिकित्सक से जांच व उपचार कराने की अपील की है।

Read more

Local News