Tuesday, September 8, 2026

धनबाद में कर्मचारियों ने सुदिव्य सोनू को किया याद, पुरानी पेंशन योजना में योगदान को सराहा.

Share

धनबाद: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर धनबाद में कर्मचारियों और फेडरेशन पदाधिकारियों ने शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एम्पलॉइज फेडरेशन की प्रांतीय कमेटी की ओर से सोमवार को रणधीर वर्मा चौक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।

सभा में बड़ी संख्या में कर्मचारी और फेडरेशन के पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

पुरानी पेंशन योजना में भूमिका को किया याद

फेडरेशन के राज्य महासचिव उज्ज्वल तिवारी ने कहा कि झारखंड में पुरानी पेंशन योजना की बहाली की प्रक्रिया में सुदिव्य कुमार सोनू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि मंत्री कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेते थे और कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार तथा विधानसभा के स्तर पर उठाते रहे।

कर्मचारियों और सरकार के बीच सेतु की भूमिका

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य सोनू कर्मचारियों और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने वाले जनप्रतिनिधि के रूप में सक्रिय रहे। खास तौर पर पुरानी पेंशन योजना को लागू कराने की दिशा में उनके समर्थन और प्रयासों को कर्मचारी समुदाय लंबे समय तक याद रखेगा।

वक्ताओं के अनुसार, उनके निधन से कर्मचारी वर्ग ने एक ऐसे जनप्रतिनिधि को खो दिया, जो कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते थे।

कार्यक्रम में फेडरेशन के जिलाध्यक्ष जय होरो और उप महासचिव ब्रजेश भट्ट ने भी अपने विचार रखे और दिवंगत मंत्री के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की।

Read more

Local News