Tuesday, September 8, 2026

छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की तैयारी, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने धनबाद में दिया बयान.

Share

धनबाद: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को धनबाद में छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों, एसएनएमएमसीएच में मरीज की मौत और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की प्रक्रिया सरकार की ओर से की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा से जुड़े आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी धनबाद के अशर्फी अस्पताल पहुंचे थे। यहां उनके एक रिश्तेदार का इलाज चल रहा है। अस्पताल में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।

एसएनएमएमसीएच मामले की जांच जारी

एसएनएमएमसीएच में रविवार को बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद एक महिला मरीज को ऑक्सीजन नहीं मिलने और उसकी मौत के मामले पर मंत्री ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि जांच में यदि अस्पताल के प्रिंसिपल की लापरवाही या किसी तरह की जिम्मेदारी सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सरकार मामले को गंभीरता से देख रही है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया कि पिछले करीब ढाई वर्षों में झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

बीमारी को छिपाने से बढ़ सकता है खतरा

अपने दिवंगत साथी मंत्री को याद करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी बीमारी को छिपाने के बजाय समय रहते परिवार और चिकित्सक को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

मंत्री ने कहा कि शुरुआती स्तर पर किसी बीमारी की पहचान होने से समय पर उपचार संभव होता है, जबकि बीमारी को नजरअंदाज करने से स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने बताया कि उनके साथी मंत्री ने अपनी बीमारी के बारे में परिवार को भी समय पर जानकारी नहीं दी थी, जिसके बाद हालात बिगड़ गए और दुखद घटना हुई।

Read more

Local News