धनबाद: हीरापुर स्थित धनबाद क्लब की लगभग 4.95 एकड़ भूमि को लेकर नया कानूनी विवाद सामने आया है। जिला परिषद ने इस जमीन पर अपना स्वामित्व होने का दावा करते हुए डीसीएलआर (उप समाहर्ता, भूमि सुधार) न्यायालय में मामला दायर किया है।
जिला परिषद का कहना है कि हीरापुर मौजा के खाता संख्या 140 में दर्ज कुल 117.11 एकड़ भूमि परिषद के नाम पर दर्ज है। परिषद के अनुसार, धनबाद क्लब इसी खाता संख्या की जमीन पर संचालित हो रहा है।
झारभूमि रिकॉर्ड का दिया गया हवाला
दायर याचिका में जिला परिषद ने दावा किया है कि झारभूमि पोर्टल के उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार संबंधित भूमि परिषद की संपत्ति है। परिषद का कहना है कि इसी खाता संख्या के अंतर्गत धनबाद क्लब के अलावा यूनियन क्लब, आईएमए भवन, कला भवन, जिला कारागार और राजेंद्र सरोवर जैसी कई प्रमुख संस्थाएं भी स्थित हैं।
परिषद ने यह भी बताया कि यूनियन क्लब की लीज से संबंधित मामला पहले से न्यायिक प्रक्रिया में विचाराधीन है।
दावा सही साबित होने पर तय होगा किराया
जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि परिषद के पास अपने दावे के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि यदि न्यायालय में परिषद का पक्ष सही पाया जाता है, तो संबंधित संस्थानों के लिए भूमि का किराया निर्धारित कर उसकी वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
परिसंपत्तियों का किया जा रहा डिजिटलीकरण
जिला परिषद ने अपनी संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और सुरक्षा के उद्देश्य से सभी परिसंपत्तियों का डिजिटलीकरण शुरू किया है। इसके तहत भूमि और अन्य संपत्तियों का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में स्वामित्व और प्रबंधन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनी रहे।


