Friday, June 12, 2026

दुमका में भानु प्रताप शाही ने बांग्लादेशी घुसपैठ सहित कई ज्वलंत मुद्दों पर बयान दिया है.

Share

दुमकाः झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही शुक्रवार को दुमका पहुंचे. सर्किट हाउस में उन्होंने मीडिया से विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा.

बांग्लादेशी घुसपैठ पर दिया बयान

पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने कहा कि संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा काफी गंभीर है. यह हमारी आत्मा पर चोट के समान है. इससे डेमोग्राफी बदल रही है. जो अपने फायदे के लिए उन्हें आश्रय दे रहे हैं , वे गद्दार हैं. भानु प्रताप ने कहा कि 1960 के दशक में जो जनगणना हुई थी उसमें आदिवासियों की संख्या 46% थी, जो 2011 की जनगणना में घटकर 26% हो गई .

उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति रही तो आने वाले 60 साल के बाद आदिवासियों की संख्या शून्य हो जाएगी. उन्होंने राज्य सरकार से इस मुद्दे पर संवेदनशील होने की मांग की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासियों को संरक्षित करें और कैसे उनकी संख्या कैसे बढ़े इस पर विचार करें. साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत रूप से आग्रह किया कि हर आदिवासी की बेटी कम से कम पांच से छह संतान की उत्पत्ति करें.

झारखंड में भ्रष्टाचार का बोलबाला

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कर्मचारियों से लेकर वरीय अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग पैसे लेकर की जा रही है. यही वजह है कि अगर कोई गड़बड़ी करता है तो उसकी शिकायत आप कहीं नहीं कर सकते. जनता के प्रति कोई भी जवाबदेह नजर नहीं आता है.

भानु प्रताप शाही ने कहा कि मोदी सरकार के द्वारा पिछले 12 वर्षों में काफी रुपये झारखंड सरकार को दिए गए हैं, लेकिन इन रुपये से संचालित योजनाओं में भी उन्होंने लूटने का काम किया है. अगर सिर्फ एक नल-जल योजना की जांच हो जाए तो पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर के साथ पूर्व के विभागीय सचिव और कई ठेकेदार जेल में होंगे. उन्होंने कहा कि आज झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन केंद्र से 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये बकाया की मांग कर रहे हैं, लेकिन इससे संबंधित कोई सही कागजात नहीं दे रहे हैं. यह सब जनता को भ्रमित करने के लिए किया जा रहा है.

पीजेएमसीएच का नाम बदलने पर दी तीखी प्रतिक्रिया

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही ने दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज के नए भवन पर गवर्नमेंट हॉस्पिटल एंड मेडिकल कॉलेज का नाम लिखे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह नाम किस परिस्थिति में बदला गया यह राज्य सरकार को स्पष्ट करना चाहिए. उन्होंने कहा कि झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को भी यह बताना चाहिए कि देश की आजादी की लड़ाई लड़ने वाली फूलो झानो का नाम क्यों हटाया गया.

भानु प्रताप शाही ने जोर देकर कहा कि जनभावनों के साथ इरफान अंसारी को नहीं खेलने दिया जाएगा. यह बांग्लादेश नहीं है. यहां झारखंड के लोगों की भावनाओं के साथ उन्हें चलना है तो चलें, नहीं तो बोरिया-बिस्तर बांधकर बांग्लादेश चले जाएं.

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भाजपा नेता चंपाई सोरेन ने भी फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल का नाम बदलने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा था कि 30 जून तक अगर नाम फिर से नहीं बदलता गया तो हजारों लोग आकर इस बोर्ड को उखाड़ फेंकेंगे.

Bhanu Pratap Shahi in Dumka

Read more

Local News