Monday, November 9, 2026

दिवाली की रात पटाखों के शोर से गूंजा रांची, सदर अस्पताल के पास 73.5 डेसिबल पहुंचा ध्वनि प्रदूषण

Share

रांची: दिवाली की रात पटाखों के शोर से राजधानी रांची में ध्वनि प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (JSPCB) की ओर से 8 और 9 नवंबर की रात की गई मॉनिटरिंग में शहर का औसत ध्वनि स्तर 70.5 डेसिबल दर्ज किया गया। वहीं, सदर अस्पताल के आसपास शोर का स्तर 73.5 डेसिबल तक पहुंच गया।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के दिन रांची में औसत ध्वनि स्तर 65.4 डेसिबल था, जो रात में बढ़कर 70.5 डेसिबल हो गया। सदर अस्पताल के पास दिन के समय 68.5 डेसिबल शोर दर्ज किया गया था। रात में इसमें बढ़ोतरी हुई और यह 73.5 डेसिबल तक पहुंच गया।

वहीं, तुपुदाना स्थित देवनिका अस्पताल के आसपास भी ध्वनि प्रदूषण का स्तर अधिक रहा। यहां रात के समय 71.4 डेसिबल शोर रिकॉर्ड किया गया। आंकड़ों से स्पष्ट है कि दिवाली की रात पटाखों की आवाज का असर शहर के अलग-अलग इलाकों में देखने को मिला।

निर्धारित सीमा से अधिक रहा ध्वनि स्तर

ध्वनि प्रदूषण के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार, रात के समय साइलेंस जोन में अधिकतम 40 डेसिबल, आवासीय क्षेत्रों में 45 डेसिबल, व्यावसायिक क्षेत्रों में 55 डेसिबल और औद्योगिक क्षेत्रों में 70 डेसिबल की सीमा तय है।

ऐसे में सदर अस्पताल के पास दर्ज 73.5 डेसिबल का ध्वनि स्तर औद्योगिक क्षेत्र के लिए निर्धारित सीमा से भी अधिक रहा। अस्पताल और आसपास के संवेदनशील इलाकों में रातभर पटाखों की गूंज से ध्वनि प्रदूषण की समस्या सामने आई।

Read more

Local News