डूरंड कप 2026 में पहली बार रांची को मेजबानी का मौका मिला है. बिरसा मुंडा स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक लीग मैचों के साथ एक क्वार्टर फाइनल भी खेला जाएगा, जहां जमशेदपुर एफसी समेत कई बड़ी टीमें एक्शन में नजर आएंगी.
भारत के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण में रांची के लोगों के लिए एक खुशखबरी आई है. पहली बार झारखंड की राजधानी रांची को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका मिला है. डूरंड कप 2026 के तहत बिरसा मुंडा स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक लीग चरण के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि एक क्वार्टर फाइनल मैच की मेजबानी भी रांची को मिली है.
- डूरंड कप आयोजन समिति ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 24 टीमों और पांच मेजबान शहरों की घोषणा कर दी है. इस बार कोलकाता, रांची, इंफाल, गुवाहाटी और शिलांग में मुकाबले आयोजित होंगे, लेकिन पहली बार मेजबान शहरों की सूची में शामिल होकर रांची ने खास पहचान बनाई है.
बिरसा मुंडा स्टेडियम के इतिहास में जुड़ेगा नया अध्याय
- बिरसा मुंडा स्टेडियम पहले भी कई बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी कर चुका है, लेकिन डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट का आयोजन रांची के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है. स्थानीय खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि इस आयोजन से राज्य में फुटबॉल को और बढ़ावा मिलेगा तथा युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी. 25 जुलाई से शुरू होने वाले डूरंड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 23 अगस्त को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा.
जमशेदपुर एफसी पर रहेगी नजरें
रांची में होने वाले मुकाबलों में इंडियन सुपर लीग (ISL) की टीम जमशेदपुर एफसी आकर्षण का केंद्र रहेगी. इसके अलावा स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और श्रीलंका आर्म्ड फोर्सेज की डिफेंडर्स एफसी भी यहां खेलती नजर आएंगी. इससे झारखंड के फुटबॉल प्रेमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीमों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा.


