जमशेदपुर: टाटा स्टील कर्मचारियों के वार्षिक बोनस को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच बोनस समझौते को लेकर औपचारिक बातचीत जल्द शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार अगस्त के पहले या दूसरे सप्ताह से वार्ता का दौर शुरू हो सकता है।
बताया जा रहा है कि यूनियन ने बोनस वार्ता शुरू करने के लिए प्रबंधन को औपचारिक प्रस्ताव भेज दिया है। अब कर्मचारियों की नजर प्रबंधन की ओर से बैठक बुलाने पर टिकी हुई है। दोनों पक्षों का प्रयास रहेगा कि दुर्गा पूजा और विश्वकर्मा पूजा से पहले बोनस पर अंतिम सहमति बन जाए, ताकि कर्मचारियों को समय पर भुगतान किया जा सके।
पिछले वर्ष बोनस समझौता अगस्त के अंतिम सप्ताह में हुआ था। इसी को देखते हुए इस बार भी महीने के अंत तक समझौता होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। सितंबर में विश्वकर्मा पूजा और उसके बाद दुर्गा पूजा होने के कारण त्योहारों से पहले बोनस वितरण की तैयारी की जा सकती है।
इस बार कर्मचारियों की अपेक्षाएं अपेक्षाकृत अधिक बताई जा रही हैं। हाल में हुए वेतन पुनरीक्षण को लेकर कुछ स्तरों पर असंतोष की चर्चाओं के बीच माना जा रहा है कि प्रबंधन कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए आकर्षक बोनस पैकेज पर विचार कर सकता है।
पिछले वर्ष टाटा स्टील जमशेदपुर और ट्यूब्स डिवीजन के 11 हजार से अधिक कर्मचारियों को कुल 303 करोड़ रुपये से ज्यादा का बोनस वितरित किया गया था। उस समय कर्मचारियों को बोनस राशि अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार मिली थी, जिसमें अधिकतम भुगतान एक लाख रुपये से अधिक रहा था।
