Wednesday, November 18, 2026

झारखंड SIR: बिना भौतिक सत्यापन वोटर लिस्ट से नहीं कटेगा नाम, के. रवि कुमार ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Share

रांची, 18 नवंबर 2026। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत बुधवार को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर’ शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने हटिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उचित सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया पूरी किए बिना किसी मतदाता का नाम अंतिम सूची से नहीं हटाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने एएसडीडी सूची में शामिल उन मतदाताओं के घर जाकर भौतिक सत्यापन की स्थिति देखी, जिन्हें दो बार नोटिस दिए जाने के बावजूद दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने की जानकारी थी। कैंप में पहुंचे युवाओं और अन्य नागरिकों से भी मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के संबंध में जानकारी ली।

घर-घर सत्यापन में तेजी लाने का निर्देश

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने डोर-टू-डोर सत्यापन की प्रगति को संतोषजनक नहीं पाया। निरीक्षण में सामने आया कि कई मतदाताओं के पास जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं, लेकिन बीएलओ और संबंधित अधिकारी उनसे संपर्क कर दस्तावेज प्राप्त करने में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं।

इस पर उन्होंने अधिकारियों को सत्यापन कार्य में तेजी लाने और मतदाताओं से नियमित संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया।

नाम हटाने से पहले ERO को देना होगा कारण सहित आदेश

के. रवि कुमार ने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी व्यक्ति का नाम अंतिम मतदाता सूची से हटाने से पहले उसके पते पर जाकर भौतिक सत्यापन करना जरूरी है। इसके साथ ही निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) के स्तर से कारण स्पष्ट करते हुए आदेश जारी किया जाना चाहिए।

उन्होंने जोर दिया कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम केवल जानकारी की कमी या दस्तावेजों से जुड़ी अनावश्यक परेशानी के कारण मतदाता सूची से बाहर नहीं होना चाहिए।

18 साल पूरे कर चुके युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर

निरीक्षण के दौरान ऐसे युवा भी मिले, जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं था। इस स्थिति को देखते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) को जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि विशेष शिविर आयोजित कर पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए और उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने में मदद की जाए।

‘एक और अवसर’ कैंप के जरिए मतदाताओं तक पहुंच

SIR अभियान के तहत लगाए गए इन शिविरों का उद्देश्य मतदाताओं को दस्तावेज उपलब्ध कराने, अपनी जानकारी दुरुस्त कराने और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर देना है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि सत्यापन की प्रक्रिया निष्पक्ष और निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरी हो।

Read more

Local News