Thursday, July 16, 2026

झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, जमशेदपुर की झासपु-06 बनी ओवरऑल चैंपियन.

Share

रांची: मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार स्थित हरिवंश राय टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित 22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का तीन दिवसीय आयोजन बुधवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस प्रतियोगिता में झारखंड सशस्त्र पुलिस की विभिन्न इकाइयों से 1,600 से अधिक महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में कुल 28 खेलों का आयोजन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में 165 तकनीकी अधिकारियों और निर्णायकों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि झारखंड सशस्त्र पुलिस की अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रिया दुबे थीं। उनके आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। इसके बाद उन्होंने सभी टीम प्रबंधकों से परिचय प्राप्त किया और विभिन्न वाहिनियों के जवानों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित मार्च पास्ट की सलामी ली।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर ने खिलाड़ियों की खेल भावना, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं पुलिस बल के जवानों में शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और टीमवर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्य अतिथि प्रिया दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक कार्य संस्कृति को विकसित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक मजबूती भी उतनी ही जरूरी है और नियमित खेल गतिविधियां दोनों को सशक्त बनाती हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के समग्र प्रदर्शन में झारखंड सशस्त्र पुलिस-06, जमशेदपुर ने 18 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं, झारखंड सशस्त्र पुलिस-04, बोकारो उपविजेता रही।

विभिन्न खेलों के प्रमुख विजेता

फुटबॉल के पुरुष वर्ग में एसआईएसएफ, बोकारो और महिला वर्ग में आईआरबी-01, जामताड़ा ने खिताब जीता। पुरुष बास्केटबॉल और हैंडबॉल में झारखंड सशस्त्र पुलिस-06, जमशेदपुर विजेता रही, जबकि पुरुष हॉकी का खिताब झारखंड सशस्त्र पुलिस-04, बोकारो के नाम रहा।

पुरुष कबड्डी में झारखंड सशस्त्र पुलिस-10, होटवार, पुरुष वॉलीबॉल में झारखंड सशस्त्र पुलिस-02, टाटीसिलवे, पुरुष बैडमिंटन में झारखंड सशस्त्र पुलिस-01, डोरंडा तथा पुरुष क्रिकेट में एसआईएसएफ, बोकारो ने प्रथम स्थान हासिल किया।

महिला वर्ग में झारखंड सशस्त्र पुलिस-10, होटवार ने कबड्डी, हैंडबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार खिताब अपने नाम किए। वहीं महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में आईआरबी-03, चतरा विजेता बनी।

समापन समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्तिक एस, ईमेलदा एक्का, अविनाश कुमार, दीपक प्रसाद, वरीय पुलिस उपाधीक्षक धीरेन्द्र नारायण बंका सहित 21 वाहिनियों के टीम मैनेजर, पुलिस अधिकारी, जवान और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Read more

Local News