हजारीबाग: रांची के खेलगांव में आयोजित 16वीं जूनियर एवं सब-जूनियर झारखंड राज्य तैराकी चैंपियनशिप में हजारीबाग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 46 पदक अपने नाम किए। जिले की 20 सदस्यीय टीम ने प्रतियोगिता में 20 स्वर्ण, 15 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर समग्र प्रदर्शन में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही बॉयज ग्रुप-2 में हजारीबाग ओवरऑल चैंपियन भी बना।
खिलाड़ियों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता में पियूष राणा ने रिले स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा उन्होंने 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले, 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 50 मीटर बटरफ्लाई, 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में रजत पदक हासिल किए।
अर्चित रंजन ने 200 मीटर और 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक जीते। इसके अलावा उन्होंने 4×50 मीटर मेडले रिले में भी कांस्य पदक अपने नाम किया।
अक्षय मिश्रा बने ग्रुप-1 के इंडिविजुअल चैंपियन
अक्षय मिश्रा ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 50, 100 और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 50 मीटर बटरफ्लाई, 100 मीटर फ्रीस्टाइल तथा दोनों रिले स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें ग्रुप-1 इंडिविजुअल चैंपियन घोषित किया गया।
वहीं शल्या राज ने 100 और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक हासिल किए।
अन्य तैराकों का भी रहा शानदार प्रदर्शन
रुद्र प्रताप ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत, 100 मीटर फ्रीस्टाइल में कांस्य और 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में स्वर्ण पदक जीता।
मान आर्य ने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में स्वर्ण, 100 और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक तथा 200 मीटर बैकस्ट्रोक में रजत पदक जीते। उन्होंने मेडले रिले में कांस्य पदक भी अपने नाम किया।
निलेश कुमार ने 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले और 100 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण पदक जीते, जबकि 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 100 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक प्राप्त किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ग्रुप-4 का बेस्ट प्लेयर ट्रॉफी प्रदान की गई।
निश्चय कुमार ने 50, 100 और 200 मीटर बैकस्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा उन्होंने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले में कांस्य पदक भी हासिल किया।
रूपम राज गुप्ता ने 200 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण, 50 मीटर बटरफ्लाई, 50 मीटर बैकस्ट्रोक और 800 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत तथा 100 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य पदक जीते। उन्होंने दोनों रिले स्पर्धाओं में भी स्वर्ण पदक हासिल किए।
टीम को मिला सराहना का सम्मान
हजारीबाग की टीम जिला तैराकी संघ के सचिव प्रहलाद सिंह, टेक्निकल ऑफिशियल मनु कुमार राणा और गणपति राम तथा टीम मैनेजर गौरव कुमार राणा के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल हुई थी।
टीम की इस उपलब्धि पर तैराकी संघ के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य स्तर पर मिली यह सफलता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
