रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मंगलवार से घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन अभियान शुरू किया जा रहा है। इस चरण में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) प्रत्येक घर का दौरा कर मतदाताओं की जानकारी का मिलान करेंगे। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना और एक ही परिवार के सदस्यों को यथासंभव एक ही मतदान केंद्र से जोड़ना है।
4 सितंबर तक चलेगा होम-टू-रोल वेरिफिकेशन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के मुताबिक, ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ अभियान 4 सितंबर तक चलेगा। BLO घर-घर जाकर यह जांच करेंगे कि 5 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम शामिल हैं या नहीं।
जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा करने की जानकारी दी जाएगी। जमा किए गए दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन की स्थिति भी सत्यापन के दौरान देखी जाएगी।
एक परिवार, एक मतदान केंद्र पर जोर
सत्यापन के दौरान BLO यह भी जांचेंगे कि एक ही घर में रहने वाले परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूचियों में तो दर्ज नहीं हैं। यदि किसी मतदाता का नाम उसके सामान्य निवास वाले क्षेत्र के बजाय किसी दूसरे मतदान केंद्र में दर्ज पाया जाता है, तो उसे सही बूथ पर स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरने में आवश्यक सहायता दी जाएगी।
इस पहल का मकसद ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’ व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि परिवार के पात्र मतदाताओं को अलग-अलग बूथों पर जाने की परेशानी कम हो।
दूसरे राज्यों की मतदाता सूची में दर्ज लोगों को भी सुविधा
झारखंड में वर्तमान में सामान्य रूप से रहने वाले ऐसे नागरिक, जिनका नाम बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे अपना नाम झारखंड के मौजूदा निवास क्षेत्र के मतदान केंद्र की सूची में स्थानांतरित करा सकते हैं।
इसके लिए उन्हें फॉर्म-8 के साथ निर्धारित घोषणा पत्र देना होगा। BLO ऐसे पात्र मतदाताओं को आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
घरों पर लगाए जाएंगे ‘फैमिली टूगेदर’ स्टीकर
सत्यापन अभियान के दौरान BLO घरों पर ‘फैमिली टूगेदर स्टीकर’ भी लगाएंगे। इसका उद्देश्य परिवारों को यह जांचने के लिए जागरूक करना है कि घर में रहने वाले सभी वयस्क और पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हैं।
स्टीकर पर संबंधित घर की पहचान संख्या दर्ज करने की व्यवस्था होगी। साथ ही मतदाताओं की सहायता के लिए BLO से संपर्क की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि इस सत्यापन अभियान के जरिए मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाया जाए और कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
