रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित बीचक्राफ्ट C90 एयर एम्बुलेंस सोमवार शाम रांची से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान वह सिमरिया के बरियातू पंचायत क्षेत्र में, घने जंगल के अंदर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
झारखंड के चतरा जिले में सोमवार शाम एक बीचक्राफ्ट C90 एयर एम्बुलेंस के घने जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के कारणों की जांच के लिए कई एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर खराब मौसम और परिचालन संबंधी चूक को संभावित कारणों में शामिल किया जा रहा है।
रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित यह एयर एम्बुलेंस मेडिकल इवैक्यूएशन (रोगी को चिकित्सा के लिए ले जाने) के मिशन पर रांची से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान सिमरिया प्रखंड के बरियातू पंचायत क्षेत्र में यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी सात शवों को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, “हम सभी सात शवों को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल लेकर आए हैं। विमान दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।”
नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, VT-AJV पंजीकरण संख्या वाला बीचक्राफ्ट C90 विमान रांची से दिल्ली के बीच मेडिकल इवैक्यूएशन (रोगी को चिकित्सा के लिए ले जाने) की उड़ान पर था। इसी दौरान यह चतरा जिले के कसारिया पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
