झारखंड के कोडरमा जिले में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस अभियान से इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई का केंद्र नवलशाही थाना क्षेत्र रहा, जहां विस्फोटक सामग्री के भंडारण और उससे जुड़े संभावित अवैध नेटवर्क की जांच की गई।
जानकारी के अनुसार, एनआईए की एक टीम नवादा-फुलवरिया के पास स्थित विस्फोटक मैगजीन हाउस पहुंची, जहां दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ स्टॉक का सत्यापन किया गया। वहीं दूसरी टीम ने विस्फोटक कारोबार से जुड़े एक कारोबारी के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेज और अन्य साक्ष्य एकत्र किए।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई विस्फोटकों के भंडारण, आपूर्ति और उनके उपयोग से जुड़े संभावित अनियमितताओं की जांच के तहत की गई है। एनआईए यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जा रहा था या नहीं और कहीं इसका अवैध नेटवर्क से संबंध तो नहीं है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में कई घंटों तक तलाशी अभियान चलता रहा। हालांकि, एनआईए की ओर से आधिकारिक तौर पर कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
फिलहाल एजेंसी जब्त किए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि या आपराधिक साजिश के प्रमाण मिले हैं या नहीं।


