Monday, June 1, 2026

झारखंड कैडर के दो आईपीएस अधिकारी, ए. विजयालक्ष्मी और चंदन कुमार झा, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे।

Share

झारखंड कैडर के दो आईपीएस अधिकारी, ए. विजयालक्ष्मी और चंदन कुमार झा, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे। विजयालक्ष्मी सीआरपीएफ में आईजी और चंदन झा सीआईएसएफ में डीआईजी का पद संभालेंगे, जिससे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर झारखंड के अधिकारियों की संख्या 28 हो जाएगी।

रांची। झारखंड कैडर के दो और आईपीएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में हरी झंडी दे दी है और दोनों ही अधिकारियों को झारखंड से शीघ्र विरमित करने के लिए पत्राचार किया है। जिन दो अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए स्वीकृति मिली है, उनमें झारखंड पुलिस की आईजी प्रशिक्षण ए. विजयालक्ष्मी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में आईजी होंगी।

वहीं, सीआईडी के डीआईजी चंदन कुमार झा को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में डीआईजी के पद पर पदस्थापन की स्वीकृति मिली है। आईपीएस अधिकारी ए. विजयालक्ष्मी झारखंड कैडर के 2006 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं।

वहीं, चंदन कुमार झा 2011 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं। झारखंड सरकार के विरमित आदेश के बाद दोनों ही अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए रवाना हो जाएंगे।

हाल ही में बीएसएफ के डीआईजी बने हैं आईपीएस सुरेंद्र कुमार झा

झारखंड पुलिस कें डीआईजी कार्मिक रहे आइपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा भी गत माह ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए हैं। उन्हें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डीआईजी बनाया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के पत्र के आलोक में राज्य सरकार ने उन्हें विरमित किया था।

इसके बाद उन्होंने केंद्र में योगदान दिया। आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा सहित 26 आईपीएस अधिकारी वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। अब दो और अधिकारियों के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से यह संख्या 28 हो जाएगी।

केंद्र से वापसी की कतार में भी कई अधिकारी

केंद्र से वापसी की कतार में भी झारखंड कैडर के कई आइपीएस अधिकारी हैं। इनमें एनआईए के आइजी आशीष बत्रा, एनआइए में एसपी डाॅ. जया राय, सीबीआइ में एसपी अनूप टी. मैथ्यू, कैबिनेट सचिवालय में निदेशक राकेश बंसल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये अधिकारी जल्द ही झारखंड वापस होंगे।

Read more

Local News