रांचीः झारखंड में शुक्रवार 6 जून को मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने की संभावना है. मौसम केंद्र, रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा चलने की भी चेतावनी जारी की गई है.
राज्य के उत्तर पूर्व समेत ये इलाके रहेंगे प्रभावित
मौसम केंद्र के अनुसार उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों, जिनमें साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं, वहं पर कहीं-कहीं गरज के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इन क्षेत्रों के अलावा धनबाद और आसपास के इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है. इसके अलावा गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़ और गुमला में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ-साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है. इसके मद्देनजर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. साथ ही रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिल सकता है.
रविवार 7 जून को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम केंद्र का कहना है कि बारिश की गतिविधियों के कारण अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं. मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 7 जून को भी झारखंड में मौसम सक्रिय बना रहेगा. उत्तर-पश्चिमी जिलों जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं. मौसम केंद्र ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है.
प्रमुख जिलों के तापमान का हाल
पिछले 24 घंटे में पलामू का डाल्टेनगंज इलाका 41 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा है. रांची का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. इसके अलावा जमशेदपुर में 37.8 डिग्री, बोकारो में 36.5 डिग्री, चाईबासा में 39.4 डिग्री, कोडरमा में 37.8 डिग्री, हजारीबाग में 37.2 डिग्री दर्ज हुआ है. लिहाजा, अधिकतम तापमान में कमी आने की वजह से गर्मी से राहत जरूर मिली है लेकिन उमस की वजह से परेशानी बढ़ी हुई है. सबसे ज्यादा सापेक्षिक आद्रता यानी ह्यूमिडिटी चाईबासा में 89% रिकॉर्ड हुई है. रांची और जमशेदपुर में ह्यूमिडिटी का प्रतिशत 84, डाल्टनगंज में 73 और बोकारो में 77 रिकॉर्ड हुआ है.


