रांची: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUJ) के चेरी-मनातू परिसर में आयोजित दो दिवसीय स्टेट लेवल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। अंतिम दिन फुटबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले खेले गए। अलग-अलग संस्थानों से पहुंचे खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
ओपन फुटबॉल में सरला बिरला यूनिवर्सिटी विजेता
ओपन एज ग्रुप फुटबॉल प्रतियोगिता में सरला बिरला यूनिवर्सिटी की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। अर्का जैन यूनिवर्सिटी की टीम दूसरे और मेजबान सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड की टीम तीसरे स्थान पर रही।
अंडर-19 बॉयज फुटबॉल में कमड़े, रांची की टीम विजेता बनी। गढ़वा की टीम ने दूसरा और सेंट माइकल की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
गर्ल्स कबड्डी में CUJ की छात्राओं ने जीता खिताब
गर्ल्स कबड्डी प्रतियोगिता में मेजबान सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। टीम ने रणनीति, तालमेल और फुर्ती के दम पर प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
एथलेटिक्स में सोनाली कुमारी का डबल गोल्ड
महिला 100 मीटर दौड़ में CUJ की सोनाली कुमारी ने 12.44 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। रितु रानी उरांव 12.45 सेकंड के साथ दूसरे और श्वेता शर्मा 12.50 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
महिला 200 मीटर में भी सोनाली कुमारी ने पहला स्थान हासिल कर दूसरा स्वर्ण पदक जीता। आशु मुंडा दूसरे और श्वेता शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुष 200 मीटर में धनबाद के करण कुमार पहले, समीर बिरुली दूसरे और राजा लोहरा तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 बॉयज 100 मीटर में CUJ के एमडी कमरान ने 9.60 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। अभिषेक कुमार दूसरे और अजय कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-17 बॉयज 200 मीटर में आदिव अरहम पहले और निशांत कुमार दूसरे स्थान पर रहे। वहीं अंडर-19 बॉयज 200 मीटर में समीर आलम ने पहला, एमडी कमरान ने दूसरा और अभिषेक कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कुलपति ने विजेता खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
चैंपियनशिप के आयोजन में विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. राजेश कुमार और उनकी टीम की भूमिका रही। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सारंग मेढ़ेकर ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इससे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना के विकास में भी मदद मिलती है।
