रांचीः झारखंड की दो महिला खिलाड़ियों को बिहार सरकार ने सम्मानजनक नौकरी देने का निर्णय लिया है. एथलीट सपना कुमारी और लॉन बॉल खिलाड़ी पायल प्रीति को सीधी नियुक्ति प्रक्रिया के तहत सब-इंस्पेक्टर या उसके समकक्ष 4200 ग्रेड पे वाले पद पर योगदान करने का अवसर मिलेगा. संभावना है कि सितंबर माह में ही दोनों खिलाड़ी अपनी नई जिम्मेदारी संभाल लेंगी.
झारखंड की दोनों खिलाड़ियों ने खेल जगत में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. इसी प्रदर्शन के आधार पर बिहार सरकार ने उन्हें सीधी नियुक्ति की श्रेणी में चुना है. सपना और पायल की उपलब्धियों से राज्य और देश का नाम रोशन हुआ है और अब उन्हें करियर में एक नया मुकाम मिलने जा रहा है.
- बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने हाल ही में 17 खेल विधाओं से 87 खिलाड़ियों को नौकरी देने की घोषणा की है. इनमें 38 महिला और 49 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं. इनमें झारखंड की सपना कुमारी और पायल प्रीति का नाम भी है.
- बिहार सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार, एक खिलाड़ी को 5400 ग्रेड पे पर नियुक्ति दी जाएगी. 16 खिलाड़ियोंं को 4200 ग्रेड पे पर मौका मिलेगा. इसी तरह शेष 70 खिलाड़ियों को 1900 ग्रेड पे पर नौकरी दी जाएगी.
- नौकरी मिलने की खुशी साझा करते हुए एथलीट सपना कुमारी ने कहा कि मैं एक एथलीट हूं और झारखंड के रामगढ़ की रहने वाली हूं. साल 2013 से लेकर 2023 तक मैंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य व देश के लिए कई पदक जीते. इसके बावजूद झारखंड सरकार की ओर से मुझे न तो मूलभूत सुविधा मिली और न ही सम्मान, न कैश अवार्ड मिला और न ही छात्रवृत्ति.
- सपना कुमारी ने आगे बताया कि झारखंड छोड़ने के बाद मैंने दो साल पहले ही बिहार से खेलना शुरू किया और इतने कम समय में ही मुझे सीधी नियुक्ति मिल रही है. यह मेरे लिए गर्व और संतोष की बात है. पिताजी होते तो नौकरी की खुशी दोगुनी हो जाती. लॉन बॉल खिलाड़ी पायल प्रीति ने भी बिहार सरकार के इस फैसले को अपने करियर के लिए महत्वपूर्ण बताया. पायल ने कहा कि अब वो और बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम ऊंचा करेंगी.
खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा
इस नियुक्ति के बाद सपना और पायल जैसी खिलाड़ियों की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी. खेल जगत के विशेषज्ञ मानते हैं कि खिलाड़ियों को सम्मान और स्थिर करियर मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पाते हैं.


