जामताड़ा: संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल ने शनिवार को जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड का दौरा कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रही सुनवाई प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने अंबा पंचायत सचिवालय पहुंचकर अधिकारियों से अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।
नोटिस और दावे-आपत्तियों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्रखंड, अंचल और पंचायत स्तर पर जारी नोटिस के आधार पर हो रही सुनवाई की प्रगति देखी। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण, संबंधित प्रपत्रों के संधारण और दावे-आपत्तियों से जुड़ी प्रक्रिया की भी जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और रिकॉर्ड की शुद्धता बनाए रखने को कहा।
मतदाताओं की समस्याएं भी सुनीं
आयुक्त ने नोटिस प्राप्त करने वाले कुछ मतदाताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित सुनवाई प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दस्तावेज तैयार करने से लेकर अन्य औपचारिकताएं पूरी करने तक मतदाताओं को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रक्रिया के दौरान किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी जमाले रजा समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
