Saturday, September 19, 2026

जमशेदपुर के यूनाइटेड क्लब में 18.7% बोनस पर समझौता, 25 सितंबर तक खाते में पहुंचेगी रकम.

Share

जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित द यूनाइटेड क्लब के कर्मचारियों के वार्षिक बोनस को लेकर प्रबंधन और कैंटीन, होटल एंड रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच समझौता हो गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारियों को कुल 18.7 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। इसमें 13.7 प्रतिशत बोनस और 5 प्रतिशत एक्स-ग्रेशिया की राशि शामिल है। दोनों पक्षों के बीच इस समझौते पर गुरुवार को हस्ताक्षर किए गए।

समझौते के मुताबिक कर्मचारियों को बोनस की गणना बेसिक और डीए की वास्तविक कमाई के आधार पर की जाएगी। 13.7 प्रतिशत बोनस के अलावा 5 प्रतिशत एक्स-ग्रेशिया का भुगतान किया जाएगा। इसके तहत कर्मचारियों को न्यूनतम 31,112 रुपये और अधिकतम 62,579 रुपये तक की राशि मिलेगी। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कम से कम 30 दिनों तक काम करने वाले स्थायी कर्मचारी बोनस के पात्र होंगे।

प्रबंधन और यूनियन के बीच बनी सहमति के अनुसार बोनस की पूरी रकम 25 सितंबर 2026 तक या इससे पहले कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी। इससे कर्मचारियों को सितंबर महीने में ही बोनस का भुगतान मिल जाएगा।

वार्ता के दौरान क्लब की आय बढ़ाने और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रबंधन की पहल को लेकर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भविष्य में बोनस व्यवस्था के फॉर्मूले में बदलाव करने पर सहमति जताई है। अगले वर्षों में बोनस का निर्धारण क्लब के परिचालन राजस्व और ग्राहकों की शिकायतों में कमी यानी सेवा गुणवत्ता जैसे मानकों को ध्यान में रखकर किया जा सकता है।

समझौते पर क्लब प्रबंधन की ओर से अध्यक्ष प्रोबाल घोष, महासचिव अभिनव कुमार, उपाध्यक्ष जया सिंह पांडा, वेद प्रकाश ठाकुर, रंजन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष शेखर कुमार, समिति सदस्य मनस्वी दुआ राय, जनरल मैनेजर मो. परवेज और एफएंडए अधिकारी सुमित कुमार सिंह ने हस्ताक्षर किए। यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, डिप्टी प्रेसिडेंट बीके डिंडा, महासचिव ददन सिंह, माधव हरपाल, राजू सोना, दिनेश कुमार पांडेय और सुभाष जाना मौजूद रहे।

Read more

Local News