धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में 7 अगस्त को हुई भू-धंसान की घटना के बाद प्रभावित परिवारों का आंदोलन जारी है। घटना के बाद से प्रभावित लोग STG आउटसोर्सिंग कंपनी के परिसर के सामने मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। सोमवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल आंदोलन स्थल और भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र पहुंचा तथा पीड़ित परिवारों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, बेरमो विधायक अनूप सिंह, पूर्व विधायक जलेश्वर महतो, अंबा प्रसाद और कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत अन्य नेता शामिल थे।
BCCL CMD से बातचीत का भरोसा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रभावित परिवारों की मांगों को लेकर बीसीसीएल के सीएमडी से बातचीत की जाएगी। मौके पर बेरमो विधायक अनूप सिंह ने प्रदर्शनकारियों की फोन पर बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल से बातचीत भी कराई।
बताया गया कि गैर-रैयत प्रभावितों के लिए 2.5 लाख रुपये तथा रैयतों को जमीन के मूल्य का चार गुना मुआवजा देने और दो फ्लैट उपलब्ध कराने जैसे प्रस्तावों पर चर्चा हुई। प्रभावितों के प्रतिनिधिमंडल की बीसीसीएल कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कराने की बात भी सामने आई।
भू-धंसान स्थल का भी लिया जायजा
धरना स्थल पर पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घटना के बाद प्रभावित लोगों को स्थायी और सुरक्षित पुनर्वास उपलब्ध कराना जरूरी है। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
मंत्री ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने दावा किया कि भू-धंसान में कई घर प्रभावित हुए हैं और परिवार लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन के साथ जल्द बातचीत की जाएगी। मंत्री के मुताबिक, यदि वार्ता से समाधान नहीं निकलता है तो वह बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन के सामने धरना देने का विकल्प अपनाएंगे।
अनूप सिंह ने ढुल्लू महतो पर साधा निशाना
बेरमो विधायक अनूप सिंह ने धनबाद सांसद ढुल्लू महतो पर भी राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सांसद पर प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर पर्याप्त पहल नहीं करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों को बीसीसीएल से उचित मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास दिलाने के लिए प्रयास करेगी।
वहीं कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि पार्टी छाताबाद के प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल को यह सुनिश्चित करना होगा कि इलाके में दोबारा भू-धंसान जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। कांग्रेस नेताओं ने घटना की जिम्मेदारी तय करने और प्रभावितों के हित में स्थायी समाधान की मांग की।
