Monday, June 22, 2026

छतरपुर में 23 करोड़ की लागत से चार सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया…….

Share

छतरपुर में 23 करोड़ की लागत से चार सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया. मंत्री राधाकृष्ण किशोर और सांसद वीडी राम ने सुदूर इलाकों के विकास, बेहतर सड़क सुविधा और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया.

झारखंड के वित्त, योजना एवं विकास मंत्री राधाकृष्ण किशोर और पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने रविवार को संयुक्त रूप से कुल 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इस अवसर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि हम सभी राजनीतिक दलों और दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर केवल इस क्षेत्र के विकास के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं. 

  • मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार के बीच एक बेहतर और सकारात्मक समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि दोनों सरकारों के आपसी तालमेल से ही सुदूर इलाकों का सर्वांगीण विकास संभव है. उन्होंने जनता को याद दिलाया कि डगरा कभी एक घोर उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र हुआ करता था, जहां आम लोगों का चलना-फिरना भी मुश्किल था. परंतु हमारी सरकार ने सबसे पहले वहां पुलिस पिकेट स्थापित कर उग्रवाद की समस्या को जड़ से दूर किया. अब शांति बहाल होने के बाद इस पूरे क्षेत्र में सड़क, बिजली, शिक्षा और पानी की समुचित व्यवस्था कराकर इसका तीव्र विकास किया जाएगा, जिससे यहां के लोगों का जीवन स्तर सुधर सके. वहीं सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री जन-मन योजना के अंतर्गत इस क्षेत्र में 100 से अधिक सड़कों का निर्माण कराया जाएगा. इस बड़ी परियोजना के तहत नौडीहा बाजार प्रखंड के निवासियों के लिए सरईडीह-डगरा पथ के रूप में सबसे बड़ी सौगात मिली है. पलामू जिले के छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के सुदूर ग्रामीण और उग्रवाद प्रभावित इलाकों के समग्र विकास को रफ्तार देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है. 

करीब 10 करोड़ की लागत से बनेगा सरईडीह-डगरा पथ

सरईडीह-डगरा पथ योजना एवं विकास विभाग की अनाबद्ध निधि से स्वीकृत है. इस सड़क की कुल लंबाई 8.87 किलोमीटर है, जिसके निर्माण पर 9 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत आएगी. इस सड़क की स्थिति अब तक इतनी जर्जर थी कि मात्र 9 किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को दो घंटे का समय लग जाता था. इस मार्ग के निर्माण की स्वीकृति मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपने योजना और विकास विभाग की अनाबद्ध निधि की राशि से दी गई है. इस मार्ग के बनने से हार्वे, सलैया, डागरा, अंतकाल और जमुना समेत दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को खराब रास्तों से मुक्ति मिलेगी. मौके पर नौडीहा बाजार प्रखंड प्रमुख रेशम कुमारी, बीडीओ परितोष प्रियदर्शी, मुखिया विनोद सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष संतोष पाठक, मोहन जायसवाल, धर्मदेव यादव, ईश्वरी पांडे, आलोक यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद थे.

Read more

Local News