
लक्सर: हरिद्वार लक्सर पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को धर दबोचा है. उनके पास से पुलिस ने सात चोरी की मोटरसाइकिल एक अवैध तमंचा बरामद किया है. पुलिस में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक बीते 24 जनवरी को खानपुर निवासी अक्षय कुमार ने बाखरपुर निवासी मनोज पुत्र तेलुगू राम पर बाइक चोरी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था. जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी थी. चौकी प्रभारी भिक्कमपुर नरेंद्र सिंह को मुखबिर ने सूचना दी कि 2 जनवरी को जो बाइक चोरी हुई थी वो बाइक सुल्तानपुर के पास अकबरपुर जैतपुर मार्ग पर बने खंडहर में हैं और चोर बाइक बेचने की फिराक में हैं. तभी चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ सुल्तानपुर की ओर आए, वहां चौकी प्रभारी सुल्तानपुर लोकपाल परमार अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे.
नरेंद्र सिंह ने उपनिरीक्षक लोकपाल परमार को मुखबिर द्वारा दी गई सूचना के बारे में बताया. जिसके बाद दोनों चौकी प्रभारी अपने टीम के साथ अकबरपुर मार्ग पर बने खंडहर पर पहुंचे, जहां पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बैठा दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया. पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राकेश पुत्र हरिचंद मोहल्ला दोड़वसी रोशनाबाद बताया. जब पुलिस ने खंडहर की तलाशी ली तो वहां पर एक अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ बैठा दिखाई दिया. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने अपना नाम मनोज पुत्र तेलु राम बताया. तलाशी लेने पर मनोज के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा भी बरामद हुआ.
पुलिस ने जब मनोज से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने बीते 2 जनवरी को भिक्कमपुर से मोटरसाइकिल चोरी की थी. पुलिस ने जब खंडहर की तलाशी ली तो वहां से 6 अन्य मोटरसाइकिल और बरामद हुई. पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों का चालान कर दिया. कोतवाली प्रभारी राजीव रोथान ने बताया दो बाइक चोरों को गिरफ्तार किया गया है. जिनके पास से चोरी की गई सात मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है. गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी मनोज और राकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.


