Sunday, September 20, 2026

गुवा गोलीकांड के शहीदों को नमन, उनके संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प.

Share

चाईबासा: गुवा गोलीकांड के शहीदों की स्मृति में मंगलवार को गुवा बाजार स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किए और बलिदानियों को याद किया।

इस दौरान जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ शहीदों के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुवा, मझगांव विधायक नीरल पूर्ति, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु और घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जोबा माझी बोलीं- संघर्ष को आगे बढ़ाना जरूरी

सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने शहीद वेदी पर नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की। जोबा माझी ने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि देना ही पर्याप्त नहीं है। जिन अधिकारों और हक के लिए उन्होंने संघर्ष किया, उस उद्देश्य को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी समाज की है।

उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता रहेगा।

युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील

जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि गुवा के शहीदों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर किया। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने युवाओं से शहीदों के संघर्ष और त्याग से प्रेरणा लेकर उनके अधूरे सपनों को पूरा करने की दिशा में काम करने की अपील की।

अधिकारी और ग्रामीण भी हुए शामिल

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सिंहभूम प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम, कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू और डीडीसी उत्कर्ष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लेकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

Read more

Local News