60 चालों तक चला रोमांचक मुकाबला, चौथे गेम में सफेद मोहरों के साथ उतरेंगे भारतीय चैंपियन
जेनेवा: स्विट्जरलैंड के जेनेवा में जारी विश्व शतरंज चैंपियनशिप 2026 में मौजूदा चैंपियन डी. गुकेश और चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव के बीच तीसरा मुकाबला भी ड्रॉ रहा। लगातार तीन गेम बराबरी पर समाप्त होने के बाद दोनों खिलाड़ियों का स्कोर 1.5-1.5 हो गया है।
तीसरी बाजी में दोनों ग्रैंडमास्टरों ने कड़ा मुकाबला किया। इस चैंपियनशिप में पहली बार खेल 40 चालों के निर्धारित टाइम कंट्रोल से आगे बढ़ा। एक समय गुकेश के पास समय के लिहाज से बढ़त थी, लेकिन वह इसका फायदा जीत में नहीं बदल पाए। दूसरी ओर, समय के भारी दबाव के बावजूद सिंदारोव ने सटीक चालें चलकर मुकाबले में वापसी की।
आखिरकार 60 चालों के बाद दोनों खिलाड़ियों ने बाजी ड्रॉ करने पर सहमति जताई। मुकाबला देर तक चला और शतरंज प्रेमियों की दिलचस्पी बनाए रखने में सफल रहा।
चौथे गेम में गुकेश के पास सफेद मोहरे
तीसरे गेम के ड्रॉ के बाद गुकेश को अगले मुकाबले में सफेद मोहरों से खेलने का मौका मिलेगा। शुक्रवार को दोनों खिलाड़ियों के बीच कोई मुकाबला नहीं होगा। यह विश्राम का दिन निर्धारित है।
14 गेम में तय होगा विश्व चैंपियन
विश्व चैंपियनशिप में कुल 14 क्लासिकल गेम खेले जाने हैं। खिताब जीतने के लिए किसी खिलाड़ी को सबसे पहले 7.5 अंक हासिल करने होंगे। यदि सभी 14 मुकाबलों के बाद दोनों का स्कोर बराबर रहता है, तो विजेता का फैसला टाईब्रेकर के जरिए किया जाएगा।
25 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि
चैंपियनशिप की कुल इनामी राशि 25 लाख डॉलर रखी गई है। प्रत्येक जीत पर खिलाड़ी को दो लाख डॉलर दिए जाएंगे, जबकि बाकी पुरस्कार राशि दोनों प्रतिभागियों के बीच समान रूप से बांटी जाएगी।
टाईब्रेकर की नौबत आने पर विजेता को 13 लाख डॉलर और दूसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 12 लाख डॉलर मिलेंगे।
