गढ़वा के विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय मेदिनीनगर के छात्र-छात्राओं को हो रही विभिन्न समस्याओं से राज्यपाल को विस्तार से अवगत कराया और एक मांग पत्र सौंपा.
विधायक की परीक्षा समय पर कराने की मांग
विधायक ने इस मुलाकात की जानकारी अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल के माध्यम से साझा की है.राज्यपाल से मुलाकात के दौरान विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने मुख्य रूप से विश्वविद्यालय में परीक्षाओं का समय पर आयोजन सुनिश्चित करने की मांग उठाई.
अनियमितता रोकने और शिक्षा सुधार की मांग
इसके साथ ही उन्होंने कॉलेजों में व्याप्त कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार पर अविलंब रोक लगाने तथा संपूर्ण शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करने की पुरजोर वकालत की.विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि छात्रों का भविष्य किसी भी कीमत पर अंधकारमय नहीं होने दिया जा सकता.
समय पर परीक्षा और बेहतर शिक्षा की उम्मीद
समय पर परीक्षा, समय पर परिणाम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाना प्रत्येक छात्र का संवैधानिक और बुनियादी अधिकार है. विधायक ने विश्वास जताया कि राज्यपाल महोदय छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए इस दिशा में आवश्यक और सकारात्मक प्रशासनिक पहल करेंगे, जिससे पलामू प्रमंडल के हजारों छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक सत्र नियमित हो सके और उन्हें गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिल सके. इस मुलाकात के बाद विश्वविद्यालय के छात्रों में भी अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर एक नई उम्मीद जगी है.


