Sunday, June 14, 2026

क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पुर्तगाल की 27-सदस्यीय वर्ल्ड कप टीम में चुना गया है, जो उनका छठा विश्व कप होगा.

Share

 क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने छठे वर्ल्ड कप में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, क्योंकि पुर्तगाल ने इस बड़े टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है. कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने 27 खिलाड़ियों की टीम में 41 वर्षीय रोनाल्डो को भी शामिल किया है. 41 साल के रोनाल्डो पुर्तगाल के अब तक के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी हैं. एक बार फिर वो अपनी टीम को पहले वर्ल्ड कप खिताब दिलाने की कोशिश करेंगे.

पुर्तगाल की इस टीम में दिवंगत डियोगो जोटा की याद में एक प्रतीकात्मक “प्लस वन” (एक अतिरिक्त सदस्य) भी शामिल है. मार्टिनेज ने ‘सिडेड डो फुटेबोल’ में खचाखच भरे ऑडिटोरियम के सामने टीम की घोषणा की. उन्होंने यह भी पुष्टि की कि चौथे नंबर के गोलकीपर रिकार्डो वेल्हो (जो जेनक्लेरबिरलिगी अंकारा के खिलाड़ी हैं) टीम के साथ यात्रा करेंगे, लेकिन उन्हें खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची में तभी शामिल किया जाएगा, जब पंजीकृत तीन गोलकीपरों में से किसी कोई एक चोटिल हो जाए.

फीफा वर्ल्ड पक 2026 अगले महीने 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में शुरू होने जा रहा है. जिसमें पहली बार कुल 48 टीमें भाग ले रही हैं. पुर्तगाल को टूर्नामेंट के ग्रुप K में रखा गया है और 17 जून को ह्यूस्टन में डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ द कांगो के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. इसके बाद, वे 23 जून को उसी स्थान पर उज्बेकिस्तान से भिड़ेंगे और 27 जून को ग्रुप चरण के अपने आखिरी मैच के लिए मियामी जाएंगे, जहां उनका मुकाबला कोलंबिया से होगा.

टीम की घोषणा करते समय, मार्टिनेज ने कहा कि उनकी टीम में 27 खिलाड़ी और एक अतिरिक्त सदस्य शामिल हैं, यहां उनका इशारा लिवरपूल के फॉरवर्ड जोटा की ओर था, जिनकी पिछले साल जुलाई में एक कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी.

उन्होंने खचाखच भरे ऑडिटोरियम में कहा, ‘वह हमारी ताकत हैं, हमारी खुशी हैं. डियोगो को खोना एक अविस्मरणीय और बहुत ही कठिन क्षण था, लेकिन ठीक अगले ही दिन, हम सभी ने मिलकर डियोगो के सपने को पूरा करने के लिए और उस मिसाल को कायम रखने के लिए लड़ने का फैसला किया, जो उन्होंने हमेशा हमारी राष्ट्रीय टीम के सामने पेश की थी. डियोगो जोटा की भावना, उनकी ताकत और उनकी मिसाल ही वह ‘+1’ हैं, और हमेशा ‘+1′ ही रहेंगी.’

पुर्तगाल 6 जून को ओइरास में चिली के खिलाफ और 10 जून को लेइरिया में नाइजीरिया के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगा।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए पुर्तगाल का स्क्वाड

गोलकीपर: जोस सा, रुई सिल्वा, डियोगो कोस्टा, रिकार्डो वेल्हो

डिफेंडर: डिओगो डेलोट, जोआओ कैंसलो, मैथियस नून्स, रेनाटो वेइगा, नेल्सन सेमेदो, गोंसालो इनासियो, नूनो मेंडेस, रूबेन डायस، टॉमस अराउजो

मिडफील्डर: रूबेन नेव्स, ब्रूनो फर्नांडिस, जोआओ नेव्स, विटिन्हा , सैमुअल कोस्टा, बर्नार्डो सिल्वा

फॉरवर्ड: जोआओ फेलिक्स, फ्रांसिस्को ट्रिनकाओ, फ्रांसिस्को कॉन्सीकाओ, पेड्रो नेटो, राफेल लीओ, गोंकालो गुएडेस, गोंकालो रामोस، क्रिस्टियानो रोनाल्डो

Read more

Local News