बीजेपी, पीएम मोदी के अपमान को मुद्दा बनाकर सियासी जंग तेज कर दी है. क्या यह मुद्दा बीजेपी को बिहार चुनाव में भावनात्मक बढ़त दिलाएगी
नई दिल्लीः बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू है. राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अन्य महागठबंधन के नेता मिलकर राज्य में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर निकले हुए हैं. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट रही है. राहुल गांधी लोगों को बता रहे हैं कि बीजेपी इस बार बिहार में बड़ी संख्या में लोगों के वोट काटने की साजिश कर रही है. इसी यात्रा के दौरान कुछ ऐसा होता है कि राहुल की यात्रा में बीजेपी की इंट्री होती है.
दरभंगा में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मंच से मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा नामक व्यक्ति ने पीएम मोदी और उनकी माता के खिलाफ अपशब्द कहे. इसका वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने इसे कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सियासी संस्कृति का हिस्सा बताकर तीखा हमला बोला. बीजेपी इसे मतदाताओं के बीच भावनात्मक और नैतिक मुद्दे के रूप में उठा रही है.
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे ‘लोकतंत्र पर कलंक’ करार देते हुए राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की. उन्होंने कहा, “राहुल गांधी की ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ ने बिहार में सारी हदें पार कर दीं. एक गरीब मां के बेटे को 11 साल से प्रधानमंत्री के रूप में अपमानित करना कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति का प्रतीक है.” बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने इसे “इंडिया गठबंधन की नफरत की पराकाष्ठा” करार दिया है. कहा कि “बिहार की जनता इस अपमान का जवाब वोट से देगी.”
- सूत्रों के मुताबिक बीजेपी, इस मुद्दे को बिहार की जनता के बीच ले जाकर इसे भावनात्मक रूप से भुनाने की रणनीति बना रही है. पार्टी का दावा है कि यह घटना न केवल पीएम मोदी, बल्कि बिहार की जनता और भारतीय संस्कृति का अपमान है.
- इस विवाद को बीजेपी सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय मंच पर भी जोर शोर से उठा रही है. सूत्रों की माने तो भाजपा इस घटना को बिहार चुनाव में एक बड़ा नैरेटिव बनाने की कोशिश में है. पार्टी ने इसे ‘मां का अपमान’ और ‘संस्कृति पर हमला’ के रूप में पेश करते हुए अपने पारंपरिक वोटर बेस, खासकर ग्रामीण और महिलाओं को लामबंद करने की रणनीति बना रही है.
- बीजेपी, अपने सोशल मीडिया अभियान में भी इस मुद्दे को प्रमुखता दे रही है. जिसमें लिखा गया, “राहुल और तेजस्वी की यात्रा के मंच से पीएम मोदी की स्वर्गीय माता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ. ऐसी अश्लीलता पहले कभी नहीं देखी गई.” पार्टी का मानना है कि यह मुद्दा ग्रामीण और छोटे शहरों के मतदाताओं को प्रभावित कर सकता है, जो मां और संस्कृति से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेते हैं.
- भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन का कहना है कि इंडिया गठबंधन ने मर्यादा की सारी सीमा लांघ दी है और अब वो गाली गलौज पर उतर आए हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले ही मान चुके है कि बिहार की जनता उनका साथ नहीं देने वाली और हार की हताशा ही दिख रही की पीएम पर विवादित टिप्पणी की जा रही हैं. बिहार की जनता इसका बदला बिहार में एनडीए को जीत दिलाकर लेगी.
- वहीं, कांग्रेस दावा कर रही है कि यह बीजेपी की सुनियोजित साजिश है, ताकि ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के मुख्य मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाया जा सके. बीजेपी बिहार चुनाव में एक नया दांव खेलने की कोशिश कर रही है. कांग्रेस, बीजेपी के आरोपों को सियासी नौटंकी करार देते हुए दावा कर रही है कि यह घटना बीजेपी की “टूलकिट” का हिस्सा है.
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि, “यह (पीएम मोदी को अपशब्द कहने का आरोपी) बीजेपी का एजेंट था, जिसे यात्रा में घुसपैठ कराकर विवाद पैदा किया गया ताकि असल मुद्दों से ध्यान हटे.” राजद नेता मनोज झा ने भी बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा, “हमने इस घटना की तुरंत निंदा की, लेकिन क्या बीजेपी ने अपने नेताओं की अभद्र टिप्पणियों के लिए कभी माफी मांगी?”
एक ओपिनियन पोल सर्वे के मुताबिक, इस बार NDA को पिछले चुनाव की तुलना में और भी बड़ी जीत मिलने की संभावना जताई है. सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि NDA को 136 सीटें हासिल हो सकती हैं. वहीं, महागठबंधन को सिर्फ 75 सीटों तक सीमित रहने का अनुमान है. 243 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत पाने के लिए 122 सीटों की जरूरत होती है.


