लगभग हर घर में एक प्रेशर कुकर होता है. चाहे दाल हो, सब्जियां हों या नॉन-वेज डिश, प्रेशर कुकर में खाना बहुत जल्दी पक जाता है.इसलिए, ज्यादातर महिलाएं इसी में खाना बनाना पसंद करती हैं. हालांकि, खाना बनाते समय कभी-कभी प्रेशर कुकर का ढक्कन ढीला हो जाता है, इससे गैस लीक होने लगती है और पानी बाहर रिसने लगता है. नतीजतन, ढक्कन पर दाग पड़ जाते हैं. इसके अलावा, गैस स्टोव पर भी दाग लग जाते हैं और वह गंदा हो जाता है. वैसे तो, प्रेशर कुकर से लीक होना एक आम समस्या है, लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि कुछ आसान उपायों से इस समस्या को पूरी तरह से ठीक किया जा सकता है. आइए जानते हैं कि वे उपाय क्या हैं…
आप ये सरल उपाय अपना सकते हैं...
रबर की जांच करें: कुकर की चमक और सीटी की सफाई पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन रबर गैस्केट (प्रेशर कुकर की रबर) को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. वे बस इसे जैसे-तैसे लगा देते हैं और खाना बनाना शुरू कर देते हैं. मगर, अगर रबर ठीक से न लगी हो, तो कुकर से पानी लीक हो सकता है. प्रेशर कुकर की रबर उसकी सुरक्षा और कार्यप्रणाली का सबसे अहम हिस्सा है. इसे नजरअंदाज करने से न सिर्फ खाना बनाने में दिक्कत आती है, बल्कि यह सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है. इसलिए, पक्का कर लें कि रबर ठीक से लगी हुई हो.
इसे डीप फ्रिज में रखें: अगर रबर गैस्केट थोड़ी ढीली लगे, तो उसे 15 मिनट के लिए डीप फ्रीजर में रख दें. ऐसा करने से रबर कड़ा हो जाएगा. इसके बाद आप इसे कुकर के ढक्कन में लगाकर आसानी से अपना खाना बना सकते हैं. इससे कुकर से पानी लीक होने की समस्या भी दूर हो जाएगी. इसके अलावा, लंबे समय तक इस्तेमाल करने या टेम्परेचर में बदलाव की वजह से रबर ढीला हो जाता है या उसकी फ्लेक्सिबिलिटी खत्म हो जाती है, जिससे वह ठीक से सील नहीं हो पाता और पानी लीक होने लगता है. ऐसी समस्या सामने आए तो इसे नई रबर से बदल दें.
सिरके वाले पानी में भिगोकर रखें- रबर को सिरके वाले पानी में भिगोने से, वह अपनी खोई हुई लोच और कसाव वापस पा लेती है, जिससे कुकर की उम्र बढ़ जाती है और उसमें से भाप या पानी बिल्कुल भी बाहर नहीं निकलता. इसके लिए, खाना पकाने से पहले रबर को आधे घंटे के लिए सिरके वाले पानी में भिगोकर रखें, फिर रबर को कुकर के ढक्कन पर लगाकर खाना पकाएं. ऐसा करने से कुकर से पानी का रिसाव बंद हो जाएगा और रबर भी ज्यादा समय तक चलेगी.
कुछ और सुझाव…
- कुकर की सीटी के साथ-साथ उसके अंदरूनी हिस्से को भी पानी से साफ करना चाहिए.
- खाना पकाने से पहले, कुकर में थोड़ा सा तेल डालें. इससे खाना बर्तन में चिपकेगा नहीं और अलग-अलग और धीरे-धीरे पकेगा. साथ ही, पानी भी नहीं निकलेगा.
- जांच लें कि कुकर के ढक्कन पर लगे सुरक्षा प्लग सही जगह पर हैं या नहीं. क्योंकि, प्रेशर कुकर के ढक्कन पर लगा सुरक्षा प्लग (सेफ्टी वॉल्व) ढीला या गलत जगह पर होने पर भाप के साथ पानी रिस सकता है.
- खाना बनाते समय प्रेशर कुकर का ढक्कन तुरंत कसकर बंद न करें. जब कुकर के अंदर की चीजें उबलने लगें, तब ढक्कन बंद करने से पानी बाहर रिसने से बच जाता है.
- खाना पकाने के बाद, कुकर की सीटी को अच्छी तरह से साफ करें, क्योंकि खाना पकाते समय खाने के कुछ कण उसके अंदर फंस जाते हैं. इसके परिणामस्वरूप, सीटी सही समय पर नहीं बजती, जिससे खाना ज्यादा पक जाता है.


