Saturday, June 20, 2026

किसे बताया जिम्मेदार रोहित-विराट के संन्यास पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी

Share

टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने सबसे पहले क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट को अलविदा कहा. उसके बाद दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने मई 2025 में इंग्लैंड दौरे से पहले क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट से भी अलग होने का ऐलान कर दिया. जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर ये खबरें चलने लगीं कि बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में फेल होने के बाद दोनों स्टार खिलाड़ियों पर टेस्ट से संन्यास लेने का दबाव था.

हालांकि विराट और रोहित ने टेस्ट से रिटायरमेंट का ऐलान करते समय ऐसा कोई संकेत भी नहीं दिया था कि उन पर किसी तरह का कोई दबाव है, लेकिन क्रिकेट फैंस और पंडित का मानना था कि अगर उन्हें इंग्लैंड दौरे से पहले संन्यास लेना था तो फिर इन दोनों खिलाड़ियों ने रणजी मैच खेलने का फैसला क्यों किया. दूसरा ये कि इन दोनों ने ऑस्ट्रेलिया दौरा खत्म होते ही अपने रिटायरमेंट का ऐलान क्यों नहीं किया. इसी तरह के सवाल क्रिकेट फैंस के मन में ये संदेह पैदा करते हैं कि इनके रिटायरमेंट के पीछे बीसीसीआई का हाथ है.

विराट और रोहित ने अपनी मर्जी से संन्यास लिया

विराट और रोहित के रिटायरमेंट के लगभग दो महीने बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस पर स्पष्टीकरण दिया है और कहा कि लाल गेंद वाले क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला पूरी तरह से खिलाड़ियों ने लिया था, उन पर बोर्ड का कोई हस्तक्षेप या दबाव नहीं था.

एएनआई से बात करते हुए राजीव शुक्ला ने कहा, ‘मैं एक बार और हमेशा के लिए यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हम सभी रोहित और विराट की कमी महसूस करते हैं, लेकिन उन्होंने यह फैसला खुद लिया. बीसीसीआई की नीति है कि वह किसी भी खिलाड़ी को यह नहीं बताती कि उसे कब और किस प्रारूप से संन्यास लेना है. यह खिलाड़ी पर निर्भर करता है. यह उनका अपना फैसला था. उन्होंने अपनी मर्जी से संन्यास लिया. हमें उनकी कमी हमेशा खलेगी. हम उन्हें महान बल्लेबाज मानते हैं. अच्छी बात यह है कि वे दोनों वनडे में उपलब्ध हैं.’

भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड के दौरे पर है

विराट और रोहित के संन्यास के बाद भारतीय टेस्ट टीम का नया कप्तान शुभमन गिल को बनाया गाय. जिसके नेतृत्व में भारतीय टेस्ट टीम एक नए युग में प्रवेश कर चुकी है. 25 वर्षीय इस बल्लेबाज के बतौर कप्तान पहली परीक्षा इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज थी. जहां पर अब तक तीन मैच खेले जा चुके हैं और लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे रोमांचक मुकाबले के बाद इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है. चौथा मैच 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा.

Read more

Local News