Monday, July 6, 2026

ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 151 रन चेज करके मेजबान इंग्लैंड को 7 विकेट से मात दे दी.

Share

लंदन: ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया है. लॉर्ड्स में खेले गए टूर्नामेंट के 10वें सीजन के खिताबी मुकाबले में उन्होंने मेजबान इंग्लैंड को 7 विकेट से मात दी.

151 रनों के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने बेथ मूनी के 49 गेंद में 64 और फोबे लिचफील्ड के 35 गेंद में 48 रनों की बदौलत 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर ही आसानी से हासिल कर लिया. इसके अलावा जॉर्जिया वॉल ने 6 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुई, जबकि एलीसे पेरी 12 गेंद में 13 रन और गार्डेनर 2 गेंद में 3 रन बनाकर नाबाद रहीं.

ये ऑस्ट्रेलिया की सातवीं टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी है. टूर्नामेंट के 10 सीजन में से वो 8 बार फाइनल में पहुंची, जिसमें से केवल एक बार ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जब वेस्टइंडीज ने उन्हें मात दी थी.

बेथ मूनी बनीं प्लेयर ऑफ दि मैच
ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी ने 64 रनों की शानदार पारी खेली. जिसमें 10 चौके भी शामिल थे. इसके अलावा उन्होंने फोबे लिचफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी करके मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी. लिचफील्ड ने अपनी पारी के दौरान छह चौके और दो छक्के जड़े. बेथ मूनी को उनकी शानदार पारी की वजह से प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया.

ये मूनी का इस टूर्नामेंट में तीसरा अर्धशतक था. इस तरह वह महिला टी20 विश्व कप के तीन अलग चरण में तीन या इससे ज्यादा बार 50 रन से अधिक का स्कोर बना चुकी हैं.

इंग्लैंड ने 151 का दिया लक्ष्य
इससे पहले इंग्लैंड ने कप्तान नैट साइवर ब्रंट (नाबाद 58 रन) के अर्धशतक की बदौलत चार विकेट पर 150 रन बनाए. नैट साइवर ब्रंट ने 53 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में पांच चौके लगाए. उन्होंने फ्रेया केंप (नाबाद 44 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी निभाई. हालांकि 55 गेंद की इस साझेदारी के दौरान केंप ने आक्रामक बल्लेबाजी की.

छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया और उसकी गेंदबाजों ने अच्छी शुरूआत कराई. ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे ही ओवर में एमी जोंस (06) का विकेट झटक लिया जिन्हें लुसी हैमिल्टन ने आउट किया.

एनाबेल सदरलैंड ने फिर शानदार लय में चल रही डैनी वाट हॉज (08) के रूप में ऑस्ट्रेलिया को बड़ी सफलता दिलाया. एलिस कैप्से (23 रन, 20 गेंद, दो चौके, एक छक्का) अच्छी लय में दिख रही थीं, उन्होंने पारी का पहला छक्का लगाया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनू ने उन्हें बोल्ड कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया.

हीथर नाइट छह गेंद ही खेल सकी और किम गार्थ की गेंद पर पगबाधा आउट हुईं. इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट एक छोर पर डटी रहीं, फिर उन्हें फ्रेया केंप का साथ मिला जिन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और एक छक्का लगाकर टीम को 150 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की.

मैच में बने रिकॉर्ड पर एक नजर

महिला T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली टीम

  • 7 – ऑस्ट्रेलिया (2010, 2012, 2014, 2018, 2020, 2023, 2026)
  • 1 – इंग्लैंड (2009)
  • 1 – वेस्टइंडीज (2016)
  • 1 – न्यूजीलैंड (2024)

महिला T20 वर्ल्ड कप में बिना कोई मैच हारे खिताब जीतने वाली टीमें

  • इंग्लैंड (2009 में)
  • ऑस्ट्रेलिया (2010 में)
  • ऑस्ट्रेलिया (2023 में)
  • ऑस्ट्रेलिया (2026 में)

Read more

Local News