Saturday, June 20, 2026

एशियन पावर लिफ्टिंग चैम्पियनशिप में शशांक तड़ियाल ने भारत का नाम रोशन किया है.

Share

मसूरी: भारत के युवा खिलाड़ी शशांक तड़ियाल ने जापान के हिमेजी शहर में आयोजित एशियन पावर लिफ्टिंग चैम्पियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन किया है. शशांक तड़ियाल ने एशियन पावर लिफ्टिंग चैम्पियनशिप 2025 में एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है. उनके इस अभूतपूर्व प्रदर्शन ने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे भारत को गौरवान्वित है.

शशांक, जो कि मसूरी फायर ब्रिगेड के प्रभारी अधिकारी धीरज सिंह तड़ियाल के पुत्र हैं. वे मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले के तैड़ी गांव के निवासी हैं. वर्तमान में वे देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र की नई बस्ती में रहते हैं. मात्र कुछ वर्षों के कड़े परिश्रम और समर्पण से शशांक ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर भारत का परचम लहरा दिया है. प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए 83 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लेते हुए शशांक ने अपने अदम्य साहस और शक्ति का परिचय देते हुए कुल 620 किलोग्राम वजन उठाया. इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया.

यही नहीं, प्रतियोगिता के बैंच प्रेस स्पर्धा और स्क्वॉट स्पर्धा में भी उन्होंने कांस्य पदक जीते, जबकि वेटलिफ्टिंग के समग्र वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक प्राप्त किया. शशांक की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके पिता धीरज तड़ियाल काफी खुश हैं.

शशांक की इस उपलब्धि को लेकर जश्न का माहौल है. स्थानीय लोग मिठाई बांट रहे हैं. यह पहली बार नहीं है जब शशांक तड़ियाल ने भारत के लिए पदक जीता हो. इससे पूर्व भी वह कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश को गौरव प्रदान कर चुके हैं. एशियन स्तर पर यह उपलब्धि उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा मुकाम माना जा रहा है.

शशांक ने दिन-रात मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया है. उसका समर्पण, अनुशासन और आत्मविश्वास हमेशा प्रेरणादायक रहा है. हमें गर्व है कि वह आज देश का नाम ऊंचा कर रहा है.

धीरज सिंह तड़ियाल, शशांक के पिता

Read more

Local News