Sunday, August 16, 2026

‘एक शाम शहीदों के नाम’ में बोले राज्यपाल अता हसनैन, राष्ट्रीय एकता को बताया देश की सबसे बड़ी ताकत.

Share

पटना: बिहार लोक भवन में आयोजित देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘एक शाम शहीदों के नाम’ में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने देश की एकता और अखंडता को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया। कार्यक्रम में उन्होंने कश्मीर के अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने के लिए केवल सैन्य कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं होती, बल्कि लोगों में राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा के प्रति विश्वास मजबूत करना भी जरूरी है।

कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल ने की। इस दौरान कर्नल वीपी सिंह ने देशभक्ति से जुड़ी कविताएं प्रस्तुत कीं, जबकि बिहार रेजीमेंटल सेंटर के जवानों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।

2008 के कश्मीर दौर का किया उल्लेख

अपने संबोधन में राज्यपाल ने वर्ष 2008 के कश्मीर के चुनौतीपूर्ण दौर को याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय अलगाववादी गतिविधियों के बीच सुरक्षा उपायों के साथ-साथ देश की एकता का स्पष्ट संदेश जनता तक पहुंचाना भी महत्वपूर्ण था।

उन्होंने इसी उद्देश्य से कवि और चिकित्सक डॉ. कर्नल वीपी सिंह को बारामूला आमंत्रित किए जाने का उल्लेख किया। राज्यपाल के अनुसार, 27 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम ने स्थानीय स्तर पर राष्ट्रीय एकता और देश की सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत करने में भूमिका निभाई थी।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से यह संदेश दिया जाना जरूरी है कि देश की एकता और अखंडता से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता।

सैन्य अधिकारियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कर्नल वीपी सिंह और लेफ्टिनेंट विशाल कुमार को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

बेगूसराय के रहने वाले लेफ्टिनेंट विशाल कुमार को इस वर्ष भारतीय सैन्य अकादमी की 158वीं पासिंग आउट परेड के दौरान स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और राष्ट्रपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किए जाने का भी उल्लेख कार्यक्रम में किया गया।

सेना के अधिकारियों ने भी की शिरकत

‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह के अलावा भारतीय सेना के अधिकारी और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में देशभक्ति प्रस्तुतियों के जरिए शहीदों के योगदान को याद किया गया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के महत्व का संदेश दिया गया।

Read more

Local News