उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा 31 जनवरी को दरभंगा में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद की अध्यक्षता करेंगे। इसका उद्देश्य आम रैयतों और किसानों की भूमि संबंधी समस्याओं का त्वरित व पारदर्शी समाधान करना है। सुबह 9 से 11 बजे तक पंजीकरण होगा। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भूमि माफिया पर भी सख्त कार्रवाई होगी
पटना। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद का आयोजन 31 जनवरी को दरभंगा में किया जाएगा।
यह कार्यक्रम दरभंगा के लहेरियासराय स्थित ऑडिटोरियम सह आर्ट गैलरी में शनिवार को सुबह 11 बजे से शुरू होगा। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अनुसार, इस जनकल्याण संवाद में दरभंगा जिले के राजस्व विभाग से जुड़े सभी वरीय और कनिष्ठ अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
इस संवाद का उद्देश्य आम रैयतों और किसानों की भूमि से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।
सुबह में कराना होगा रजिस्ट्रेशन
अपनी समस्याएं लेकर आने वाले रैयतों को सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच आवेदन के साथ पंजीकरण कराना होगा, ताकि उनकी शिकायतों पर मंच से सीधे सुनवाई की जा सके।
विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे मामलों से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ तैयार रहें।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पूर्व गया जिले में भी इसी तरह का जनकल्याण संवाद आयोजित किया गया था, जहां उपमुख्यमंत्री के सख्त रुख ने अधिकारियों के बीच हलचल पैदा कर दी थी।
शुरुआती दौर में राजस्व से जुड़े कुछ अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री के खिलाफ असंतोष भी जताया था, लेकिन विजय कुमार सिन्हा अपने कड़े तेवर पर कायम हैं।
उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि आम जनता के कामों को बेवजह लटकाने वाले अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
साथ ही भूमि माफिया के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं। उपमुख्यमंत्री का कहना है कि सरकार की प्राथमिकता पारदर्शी प्रशासन और आम लोगों को न्याय दिलाना है, और इस दिशा में किसी भी तरह की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा।


