नागोया: एशियन गेम्स 2026 के नौवें दिन भारतीय निशानेबाज ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। कड़े मुकाबले में ईशा ने कई शूट-ऑफ पार किए और फाइनल में 38 अंकों के साथ स्वर्ण पदक की दौड़ तक पहुंचीं।
निर्धारित सीरीज पूरी होने के बाद ईशा और चीन की खिलाड़ी के अंक बराबर रहे। इसके बाद हुए शूट-ऑफ में ईशा को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। उत्तर कोरिया की किम ह्योन सुक ने 34 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
एशियन गेम्स में ईशा का तीसरा सिल्वर
ईशा सिंह के लिए यह एशियन गेम्स में तीसरा सिल्वर मेडल है। इससे पहले उन्होंने हांग्जो एशियन गेम्स 2023 में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल की व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में रजत पदक जीता था।
हैदराबाद की 21 वर्षीय ईशा 25 मीटर पिस्टल में दुनिया की शीर्ष रैंकिंग वाली निशानेबाज के रूप में इस प्रतियोगिता में उतरी थीं। फाइनल तक पहुंचने के दौरान उन्हें कई शूट-ऑफ का सामना करना पड़ा और उन्होंने उनमें सफलता हासिल की।
मनु भाकर पदक से चूकीं
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के लिए एशियन गेम्स 2026 का अभियान उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। वह महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल के फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
मनु ने प्रतियोगिता में चार इवेंट्स में हिस्सा लिया। 10 मीटर एयर पिस्टल के व्यक्तिगत फाइनल में वह तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि टीम स्पर्धा में भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही। 25 मीटर पिस्टल में व्यक्तिगत फाइनल से बाहर होने के बाद टीम स्पर्धा में भारत पांचवें स्थान पर रहा।
मनु के पिता राम किशन भाकर ने भी उनके प्रदर्शन को लेकर कहा कि इस बार उनका प्रदर्शन उस स्तर का नहीं रहा, जिसकी उनसे उम्मीद की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि मनु ने अपने प्रदर्शन के जरिए प्रशंसकों की अपेक्षाओं को काफी ऊंचा कर दिया है।
पिंकी बलहारा ने जीता कांस्य
भारत को कुराश में भी एक पदक मिला। पिंकी बलहारा ने महिलाओं के 78 किलोग्राम से कम वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। सेमीफाइनल में उन्हें दक्षिण कोरिया की सुमिन मो के हाथों 0-5 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला।
यह एशियन गेम्स में पिंकी का दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में महिलाओं के 52 किलोग्राम से कम वर्ग में सिल्वर मेडल जीता था।
मेडल टैली में भारत 12वें स्थान पर
एशियन गेम्स 2026 के नौवें दिन तक भारत के खाते में कुल 39 पदक हैं। इनमें 4 गोल्ड, 17 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इस प्रदर्शन के साथ भारत मेडल टैली में 12वें स्थान पर है।
चीन 221 पदकों के साथ तालिका में सबसे ऊपर है। जापान के खाते में 164 और दक्षिण कोरिया के खाते में 90 पदक हैं।
