Tuesday, April 14, 2026

सांसद ढुल्लू महतो ने ट्रेजरी घोटाले को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला, कहा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है.

Share

धनबादः झारखंड में इन दिनों ट्रेजरी घोटाला को लेकर सियासी पारा हाई है. बोकारो और हजारीबाग ट्रेजरी में करोड़ों रुपयों का घोटाला सामने आया है. जहां अवैध रूप से रुपयों की निकासी की गई है.

सरकार मामले की जांच कर रही है

ट्रेजरी स्कैम का खुलासा होने के बाद जांच तेज हो गई है. स्कैम में शामिल लोगों के खिलाफ शुरुआती कार्रवाई की गई है. राज्य सरकार पूरे मामले की जांच कर रही है, जिसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार करना भी शामिल है.

सीबीआई से जांच कराने की मांग

वहीं ट्रेजरी घोटाला के सामने आने के बाद भाजपा के नेता राज्य सरकार पर हमलावर हैं. भाजपा ने इसे राज्य सरकार की विफलता बताया है. भाजपा इसकी जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रही है.

सरकार का अफसरों पर कोई कंट्रोल नहींः ढुल्लू महतो

वहीं धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने बोकारो और हजारीबाग में हुए करोड़ों रुपयों के ट्रेजरी घोटाले को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि इस सरकार में केवल घोटाला ही घोटाला हो रहा है. अफसर मनमानी कर रहे हैं. सरकार का कोई कंट्रोल अफसरों पर नहीं है. बोकारो और हजारीबाग में करोड़ों रुपयों का घोटाला हुआ है.

आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होः धनबाद सांसद

धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि करोड़ों रुपयों की अवैध निकासी की गई है. डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड में घोटाला हुआ है. इस सरकार में लूट, हत्या, चोरी और डकैती हो रही है, जिसे लेकर राज्य की जनता बहुत परेशान है. उन्होंने कहा कि धनबाद ट्रेजरी की भी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. हम केंद्र सरकार से भी मांग करेंगे कि इसकी जांच हो और जो आरोपी हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो.

Read more

Local News