Thursday, May 21, 2026

सरायकेला-खरसावां जिले के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर का शहरी उप-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों खुद ‘बीमार’ चल रहा है.

Share

सरायकेला-खरसावां जिले के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर का शहरी उप-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) इन दिनों खुद ‘बीमार’ चल रहा है. लगभग 3.5 लाख की विशाल आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाला यह केंद्र संसाधनों और चिकित्सकों की घोर कमी से जूझ रहा है. अव्यवस्था का आलम यह है कि अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार घट रही है और यह सिर्फ सर्दी-खांसी व बुखार के इलाज तक सिमट कर रह गया है.

​सिजेरियन के लिए निजी अस्पताल का सहारा, एंटी-वेनम भी नदारद

​स्वास्थ्य विभाग के दावों के बीच इस केंद्र पर गर्भवती महिलाओं के लिए केवल नॉर्मल डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है. सिजेरियन (ऑपरेशन) केस के लिए विभाग ने जमशेदपुर स्थित सत्य साईं अस्पताल (निजी संस्थान) से टाइअप किया है, जहां मरीजों को भेजा जाता है. हैरानी की बात यह है कि लाखों की आबादी वाले इस क्षेत्र के सरकारी अस्पताल में सांप काटने की दवा (एंटी-वेनम) और कुत्ते के काटने पर लगने वाला (एंटी-रेबीज) इंजेक्शन तक उपलब्ध नहीं है. अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डॉ. लक्ष्मी ने बताया “गम्हरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी प्रकार के टीके और एंटी-वेनम उपलब्ध हैं, इसलिए मरीजों को वहां रेफर कर दिया जाता है.”

​आदित्यपुर से गम्हरिया की दूरी लगभग 8 किलोमीटर है. आपातकालीन स्थिति में इतनी दूर जाने से मरीजों पर न सिर्फ आर्थिक बोझ पड़ता है, बल्कि उनकी जान पर भी बन आती है.

​व्यवस्था पर छिड़ा सियासी घमासान

​अस्पताल की बदहाली को लेकर हाल ही में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने केंद्र का औचक निरीक्षण किया. सुविधाओं की किल्लत पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने झारखंड सरकार और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को आड़े हाथों लिया. विपक्ष ने इस स्थिति को पूरी तरह ‘प्रशासनिक विफलता’ और ‘चिकित्सीय लापरवाही’ का नतीजा करार दिया है.

​अधिकारी बोले: जल्द सुधरेंगे हालात

दूसरी ओर, सरकारी महकमा कमियों को ढकने और जल्द सुधार की बात कह रहा है. कोल्हान प्रमंडल के रीजनल डिप्टी डायरेक्टर (RDD) डॉ. विष्णु प्रसाद साह ने सरायकेला सदर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कहा कि पूरे प्रमंडल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आदित्यपुर समेत सभी उप-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिया जाएगा. ​बहरहाल, दावों और वादों के बीच आदित्यपुर की जनता आज भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस रही है.

Read more

Local News