नई दिल्ली: आधार कार्ड आज के समय में भारतीय नागरिक की पहचान के लिए सबसे अहम दस्तावेज बन गया है. इसका इस्तेमाल कई जगहों पर किया जाता है. खासकर सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए. बिना इसके किसी भी शख्स के लिए सरकारी योजना का लाभ लेना काफी मुश्किल है.
जिन सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आधार कार्ड का इस्तेमाल किया जाता है, उसमें केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि योजना भी शामिल है, जिसके तहत किसानों को 6000 रुपये की सहायता मिलती है. इस योजना का लाभ लेने के लिए अब आधार कार्ड पर दर्ज नाम और रिकॉर्ड में मौजूद नाम का मिलना जरूरी हो गया है.
ऐसे में अगर किसी किसान के आधार और अन्य दस्तावेजों में नाम में कोई अंतर है तो उसके अकाउंट में पैसे ट्रांसफर नहीं किए जाएंगे. सरकार का कहना है कि आधार कार्ड पर दर्ज नाम, रेवेन्यू रिकॉर्ड या बैंक अकाउंट से जुड़े नाम में अंतर होने से फर्जीवाड़े और गलत लाभ लेने की संभावना बढ़ती है. ऐसे अगर आपके आधार में आपका नाम ठीक नहीं है और आप इसे सही करवाना चाहते हैं, तो अब आप यह काम घर बैठे-बैठे आसानी से कर सकते हैं.
आधार मे नाम बदलने के लिए आवश्यक डॉक्यूमेंट
UIDAI के मुताबिक आधार में नाम सही करने के लिए पासपोर्ट, PAN कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य सरकार द्वारा जारी फोटो ID, बैंक पासबुक, पेंशन कार्ड और राशन कार्ड जैसे दस्तावेज का इस्तेमाल किया जा सकता है.
गौरतलब है कि आप साल में अधिकतम दो बार ही आधार में अपना नाम बदल सकते हैं. साथ ही नया नाम पहले नाम से बहुत अलग नहीं होना चाहिए. इतना ही नहीं इसके लिए आप जो दस्तावेज सबमिट करें वह साफ और वैध होने चाहिए.
आधार में कैसे ठीक करें नाम
- सबसे पहले UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- यहां My Aadhaar टैब में जाकर Update Aadhaar Online का विकल्प चुनें.
- इसके बाद Proceed to Update Aadhaar पर क्लिक करें.
- अब आधार नंबर और OTP दर्ज करके लॉगिन करें.
- इसके बाद Name का ऑप्शन चुनें और नया नाम दर्ज करें.
- अब जरूरी दस्तावेज अपलोड कर दें.
- इसके बाद आपको 50 रुपये का भुगतान करना होगा.
- पेमेंट करने के बाद अब आपको एक Update Request Number (URN) मिलेगा.
बता दें कि आधार में नाम बदलने के लिए आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना चाहिए. अगर आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर नहीं है तो आप ऑफलाइन भी अपने नाम में सुधार सकते हैं. इसके लिए आपको अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाना होगा. केंद्र पर जाकर आपको आधार अपडेट या करेक्शन फॉर्म भरना होगा.
फॉर्म के साथ सही नाम और सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट जमा करें. यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपका बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन होगा . इसके लिए आपको 50 रुपये के चार्ज भुगतान करना होगा. अब आपको एक Receipt और URN मिलेगा.


