Sunday, September 27, 2026

विश्व पर्यटन दिवस पर देवघर फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट में डिजिटल पर्यटन पर कार्यक्रम, AI की भूमिका पर हुई चर्चा.

Share

देवघर: विश्व पर्यटन दिवस 2026 के अवसर पर देवघर स्थित फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट में रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष के वैश्विक थीम ‘डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से पर्यटन का पुनः डिजाइन’ को केंद्र में रखते हुए छात्रों को पर्यटन के बदलते स्वरूप और तकनीक की बढ़ती भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यटन के महत्व, रोजगार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में इसकी भूमिका के साथ-साथ डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव से परिचित कराना था।

पर्यटन के बदलते स्वरूप पर जागरूकता सत्र

कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता सत्र से हुई। इसमें पर्यटन के जरिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान, रोजगार के अवसर और पर्यटन उद्योग में हो रहे बदलावों पर चर्चा की गई। छात्रों को बताया गया कि डिजिटल तकनीक और एआई के इस्तेमाल से पर्यटन क्षेत्र में सेवाओं और अनुभवों का स्वरूप लगातार बदल रहा है।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर संस्थान परिसर में पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विभिन्न पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान पर्यटन विकास के साथ प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण को भी जरूरी बताया गया।

पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता

छात्रों की रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देने के लिए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन, विश्व पर्यटन दिवस और पर्यटन क्षेत्र में डिजिटल तकनीक व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका जैसे विषयों पर पोस्टर तैयार किए।

रंगोली के जरिए दिखाया पर्यटन का भविष्य

रंगोली प्रतियोगिता में भी छात्रों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता की थीम विश्व पर्यटन दिवस के आधिकारिक विषय पर आधारित रही। विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से डिजिटल तकनीक, एआई और पर्यटन के भविष्य को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया।

शिक्षकों ने छात्रों का बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम संस्थान के सुरोजित नामता, प्रशासनिक सह लेखा अधिकारी, अनुपम आलोक, वरिष्ठ व्याख्याता और डॉ. श्वेता नृपेंद्र लिंगवाल, व्याख्याता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें पर्यटन क्षेत्र में नई तकनीकों को सकारात्मक रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी समझने और बदलते डिजिटल दौर के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने का संदेश दिया गया। मौके पर संस्थान के सभी विद्यार्थी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Read more

Local News