Ranchi: विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) के अंतर्गत Enumeration Form के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा हुई. इसकी अध्यक्षता डीसी मंजुनाथ भजन्त्री ने की. बैठक में सभी EROs, AEROs, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी CDPO और सुपरवाइजर मौजूद रहे. इस मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि Enumeration Form के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य में गति लाएं.
- उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी करे और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करे. समीक्षा बैठक में डीसी ने निर्देश दिया कि BLO प्रतिदिन सुबह 6 बजे से घर-घर जाकर Enumeration Form का वितरण और संग्रहण करें, ताकि अधिकतम मतदाता घर पर मिल सकें. संग्रहित प्रपत्रों का समय पर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए, जिससे कार्य में तेजी आए.
समीक्षा के दौरान धीमी कार्य प्रगति पर कई ERO, AERO एवं BLO के कार्य पर डीसी ने असंतोष व्यक्त किया. संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कारण बताओ (Show Cause) नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा.



