Friday, September 25, 2026

रामगढ़ में जनता दरबार, डीसी ने शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के दिए निर्देश.

Share

रामगढ़: जिले के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को समाहरणालय में जनता दरबार लगाया गया। उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से जुड़े आवेदन सौंपे।

उपायुक्त ने लोगों की शिकायतें सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मामलों का तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

इन मामलों से जुड़े आवेदन पहुंचे

जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विक्टिम कंपनसेशन स्कीम, जाति प्रमाण पत्र और अबुआ आवास योजना से संबंधित मामले सामने आए। इसके अलावा जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, मुआवजा और रोजगार से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।

नाली निर्माण समेत अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर भी लोगों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी बातें रखीं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इस पर जोर

उपायुक्त ऋतुराज ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम करने और मामलों के त्वरित निष्पादन पर ध्यान देने को कहा।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का जल्द समाधान करना और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।

शिकायतों के निपटारे की होगी समीक्षा

उपायुक्त ने बताया कि जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि लोगों को उनकी समस्याओं पर समय पर राहत मिल सके और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो।

Read more

Local News