Thursday, September 10, 2026

रांची रेलवे कॉलोनी में मिला नवजात, CCTV के जरिए बच्चे को छोड़ने वाले की तलाश.

Share

रांची: राजधानी रांची में गुरुवार सुबह रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के पास एक नवजात शिशु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कुछ दिन के इस बच्चे को कपड़े में लपेटकर एक जगह छोड़ दिया गया था। बच्चे के रोने की आवाज सुनने के बाद स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक ने सुनी बच्चे की आवाज

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह एक युवक रेलवे कॉलोनी में टहलने निकला था। इसी दौरान उसे बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज का पीछा करते हुए जब वह मौके पर पहुंचा तो वहां कपड़े में लिपटा नवजात दिखाई दिया।

युवक ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर बच्चे को सुरक्षित कराने की पहल की।

आवारा कुत्तों का भी रहता है खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस स्थान के पास नवजात मिला, वहां अक्सर आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं। ऐसे में बच्चे के समय रहते मिल जाने से किसी अनहोनी की आशंका टल गई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ आरपीएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। नवजात को अपने संरक्षण में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

CWC की सूचना पर पुलिस कर रही कार्रवाई

चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर के मुताबिक, बाल कल्याण समिति (CWC) की ओर से थाने को नवजात मिलने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया था। इसके लिए रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। खास तौर पर कॉलोनी के आने-जाने वाले रास्तों की फुटेज पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम से भी संपर्क कर रही है, ताकि हाल के दिनों में हुए प्रसव से जुड़ी जानकारी मिल सके। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल नवजात अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में है और पुलिस बच्चे को छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है।

Read more

Local News