Tuesday, April 28, 2026

रांची में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से मशाल जुलूस निकाला गया.

Share

रांची: नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में गिरा दिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी आक्रामक तेवर में नजर आ रही है. इसी क्रम में भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा के नेतृत्व में राजधानी रांची में एक मशाल जुलूस निकाला गया, जो जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक गया. इस जुलूस में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, पार्टी नेता और समर्थक नजर आए.

जुलूस के दौरान महिलाओं के हाथों में मशालें थीं और वे नारे लगाते हुए आगे बढ़ रही थीं. पूरे रास्ते नारी शक्ति का सम्मान करो और महिलाओं को अधिकार दो जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा. इस प्रदर्शन का उद्देश्य महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाना और विरोधियों के रुख के खिलाफ आवाज बुलंद करना था.

संजय सेठ और आदित्य साहू भी जुलूस में शामिल

कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे. जबकि सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने इसे बड़ा जन-प्रदर्शन बना दिया. भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने इस दौरान कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा. उनका आरोप था कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में भागीदारी बढ़ाने का एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्षी दलों ने इसे लेकर हमेशा विरोध और भ्रम फैलाने की राजनीति की है.

Jharkhand BJP Mahila Morcha Protest

कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर साधा निशाना

मौके पर भाजपा नेत्री सीमा शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और पूरा इंडिया गठबंधन बहरूपिया राजनीति कर रहा है. उन्होंने कहा कि एक तरफ ये दल महिलाओं के अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन जब उन्हें वास्तविक प्रतिनिधित्व देने का अवसर आता है, तो वे इसका विरोध करते हैं.

सीमा शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि देश की अधिक से अधिक महिलाएं संसद और विधानसभा तक पहुंचें, लेकिन विपक्षी पार्टियां इस दिशा में बाधा डालने का काम कर रही हैं. इसके विरोध में आज भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सड़कों पर उतरी हैं और जनता के बीच सच्चाई रखने का काम कर रही हैं.”

उन्होंने आगे कहा कि यह आंदोलन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तीकरण से जुड़ा एक व्यापक अभियान है. भाजपा इस मुद्दे को लेकर लगातार जनता के बीच जाएगी और महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी.

Jharkhand BJP Mahila Morcha Protest

सुरक्षा के थे व्यापक इंतजाम

जुलूस के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो. अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर यह जुलूस एक सभा में तब्दील हो गया, जहां नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के संकल्प को दोहराया. भाजपा महिला मोर्चा ने साफ किया कि आने वाले दिनों में भी इस मुद्दे को लेकर जन जागरुकता अभियान तेज किया जाएगा और महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेगा.

Read more

Local News